
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि असम ने पिछले दस वर्षों में उल्लेखनीय विकास देखा है और उन्हें विश्वास है कि राज्य की जनता एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को अपना आशीर्वाद देने के लिए तैयार है। गोगमुख में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नागरिकों का उत्साह निरंतर विकास और स्थिरता के प्रति उनके समर्थन को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
प्रधानमंत्री ने दोहराया कि यह चुनाव विकसित भारत की परिकल्पना को आकार देगा। उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव विकसित भारत बनाने का है… भाजपा असम में फिर से सरकार बनाएगी और हैट्रिक बनाएगी। उनकी ये टिप्पणियां आगामी विधानसभा चुनावों के लिए राज्य भर में पार्टी के प्रचार अभियान तेज करने के बीच आईं, जो 9 अप्रैल को होने वाले हैं। मोदी ने कहा कि असम के चुनाव की घोषणा के बाद ये मेरी पहली जनसभा है। ये जो सामने जनसमुद्र है, युवाओं का ये उत्साह, बहनों-बेटियों का ये आशीर्वाद, ये प्यार इस बात की खुली घोषणा है कि इस बार हैट्रिक पक्की है। उन्होंने कहा कि आप सबके आशीर्वाद से मुझे प्रधानमंत्री के रूप में हैट्रिक बनाने का अवसर मिला। आप सबके आशीर्वाद से इस मैदान में भी हैट्रिक लगाने का अवसर मिला है, मैं यहां तीसरी बार आया हूं। और आपके आशीर्वाद से असम में सरकार भी हैट्रिक बनाने वाली है।
मोदी ने कहा कि पहले सर्वानंद सोनोवाल जी का नेतृत्व और फिर हिमंता विश्व शर्मा जी की अगुवाई में असम ने बीते 10 वर्षों में सेवा और सुशासन का नया दौर देखा है। असम के ये चुनाव विकसित असम से विकसित भारत बनाने का चुनाव है। इस बार भाजपा-NDA सरकार की हैट्रिक लगनी तय है। और कांग्रेस की पराजय की हैट्रिक भी तय है। और कांग्रेस के स्वघोषित राजकुमार की पराजय की सेंचुरी लगने वाली है। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी अभियान से असम की बहनों को बहुत लाभ हुआ है। अभी तक असम की करीब 3 लाख बहनें लखपति बैदेउ बन चुकी हैं। कल असम भाजपा ने ऐलान किया है कि अब डबल इंजन सरकार 40 लाख बहनों को लखपति बैदेउ बनाने का प्रयास करेगी।




