नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाने वाला युवक गिरफ्तार,पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद
✍️रामेंद्र प्रताप सिंह
नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाने वाला युवक गिरफ्तार,पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद
मोहनलालगंज/लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देकर भगा ले जाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।एसीपी विकास पाण्डेय के निर्देश पर मोहनलालगंज पुलिस टीम की सक्रियता से आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली।प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते सात जवनरी को शिकायतकर्ता ने मोहनलालगंज पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी करीब 16 वर्षीय पुत्री घर से बिना बताए लापता हो गई है। परिजनों द्वारा तलाश के दौरान पता चला कि एक युवक ने उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा लिया है। इस पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर बुधवार को पुलिस ने मऊ नहर पुलिया के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय नाबालिग लड़की भी उसके साथ मौजूद मिली, जिसे पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश कुमार पुत्र कमलेश राम, निवासी जितवारपुर थाना सराय रंजन, जिला समस्तीपुर बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राम सागर गुप्ता, उपनिरीक्षक हर्षित गुप्ता, कांस्टेबल सत्येंद्र सिंह एवं महिला कांस्टेबल सपना गुप्ता की अहम भूमिका रही।एसीपी विकास पाण्डेय ने बताया कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है और ऐसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।


