ग्राम पंचायत भदेसुवा में विशाल कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित,551 कन्याओं का विधि विधान के साथ किया गया पूजन
✍️आर.एस.तिवारी
ग्राम पंचायत भदेसुवा में विशाल कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित,551 कन्याओं का विधि विधान के साथ किया गया पूजन
लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत भदेसुवा में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर श्री बालाजी युवा जन जागरण समिति द्वारा विशाल कन्या पूजन और कन्या भोज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में नन्हीं कन्याओं के मस्तक पर रोली का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर उनकी आरती की गई। इसके उपरांत, उन्हें प्रसाद स्वरूप पूड़ी, सब्जी, मिष्ठान आदि का श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया।इस पावन अवसर पर सिसेंडी चौकी प्रभारी अनूप कुमार सिंह द्वारा छोटी-छोटी कन्याओं को चुनरी ओढ़ाकर व तिलक लगाकर दक्षिणा व उपहार भेंट किए गए।
कार्यक्रम का समापन बच्चों द्वारा सामूहिक देवी माता के जयघोष के साथ हुआ।
ग्राम पंचायत भदेसुवा प्रधान प्रतिनिधि अजीत यादव उर्फ मोनू ने बताया कि समाज में सनातन धर्म की रक्षा के लिए, जन जागरुकता के लिए और अपनी जो संस्कृति विलुप्त हो रही है उसी को लेकर समिति के द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
जनमानस में घर-घर में कन्या पूजन का कार्य सदियों से चला रहा है। इसी क्रम में आज 551 कन्याओं को एक साथ यहां बुलाकर उनको बैठाकर उनके पांव धोए गए व पोछे गए। उनको चंदन टीका व आलता लगाया गया। उनको चुनरी ओढ़ाई गई व भोजन कराकर उनको उपहार सामग्री भेंट की गई। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत भदेसुवा में आयोजित यह कार्यक्रम संभवत: इतने बड़े रूप में पहली बार हुआ है और उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में यह क्रम न केवल जारी रहेगा बल्कि और भव्य रूप में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में पहुंचे सपा नेता समरपाल सिंह यादव ने बताया कि नवरात्र के नौ दिनों में देवी दुर्गा के नौ पावन स्वरूपों की साधना अत्यंत शुभकारी और फलदायी मानी जाती है। अष्टमी और नवमी के दिन देवी स्वरूप कन्याओं के विशेष पूजन और कन्या भोज का विशेष महत्व होता है। प्राचीन मान्यताओं के अनुसार, नवरात्रि में कन्याओं में देवी दुर्गा के विभिन्न रूपों का वास होता है और सच्चे मन से कन्या पूजन व कन्या भोज कराने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है।
इस अवसर पर श्री बालाजी युवा जन जागरण समिति के सदस्यों के अलावा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, श्रद्धालु, ग्रामीण बच्चे और महिलाएं उपस्थित रहे।





