टॉप न्यूज़बिहारराजनीति

नीतीश की ‘समृद्धि यात्रा’ आज नालंदा में, अपने गृह जनपद को देंगे 500 करोड़ की सौगात, जानिए सीएम का फुल शेड्यूल

नीतीश की 'समृद्धि यात्रा' आज नालंदा में, अपने गृह जनपद को देंगे 500 करोड़ की सौगात, जानिए सीएम का फुल शेड्यूल

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत अपने गृह जनपद नालंदा के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के इस आगमन को लेकर जिले में भारी उत्साह है।समृद्धि यात्रा के तहत बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज 26 मार्च को नालंदा जिले के दौरे पर आएंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम चरण में पहुंचा दिया है। इस दौरान जिले को 500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर शहर के प्रमुख मार्गों की मरम्मत, साफ-सफाई और रंग-रोगन का कार्य तेजी से किया जा रहा है, वहीं सैकड़ों स्थानों पर स्वागत द्वार भी बनाए जा रहे हैं।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह करीब 10:30 बजे हेलीकॉप्टर से बिहारशरीफ पहुंचेंगे। हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए नालंदा कॉलेज एवं सोगरा हाई स्कूल परिसर में अस्थायी हेलीपैड तैयार किया गया है। यहां से नीतीश कुमार सड़क मार्ग से पुराना रांची रोड पहुंचेंगे, जहां एलआईसी भवन के समीप से सोगरा कॉलेज मोड़ तक स्मार्ट सिटी योजना के तहत निर्मित फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे।इसके बाद मुख्यमंत्री कोसुक गांव के पास पंचाने नदी पर विकसित किए जा रहे रिवर फ्रंट का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद नीतीश कुमार पुराना स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। स्टेडियम में ही जिले की सैकड़ों विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास ऑफलाइन मोड में किया जाएगा।जनसभा के उपरांत मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी करेंगे। इसके लिए स्टेडियम के पिछले हिस्से को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त विशाल सभागार के रूप में तैयार किया गया है। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा पटना के लिए रवाना हो जाएंगे।मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिले के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। हालांकि, किन-किन योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास होगा, इसकी आधिकारिक सूची अभी जारी नहीं की गई है। संभावित योजनाओं में शहर के एकमात्र फ्लाईओवर के अलावा कैला पंचायत सरकार भवन, स्मार्ट सिटी के तहत निर्मित विद्यालय भवन, महादलित विकास मिशन के सामुदायिक भवन, जीविका भवन और खेल मैदान शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!