टॉप न्यूज़देशयूपी

रोहतास आएंगे CM नीतीश, डेहरी स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का करेंगे निरीक्षण

रोहतास आएंगे CM नीतीश, डेहरी स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का करेंगे निरीक्षण

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के पांचवें चरण में मंगलवार को रोहतास आ रहे हैं। बिहार में चल रही सियासी हलचल के बीच बतौर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यह रोहतास जिले में संभवतः अंतिम राजनीतिक यात्रा होगी, जहां वे 158.59 करोड़ की 179 योजनाओं का उद्घाटन और 321.5 करोड़ की 129 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब एक बजे लैंड करेगा, जहां उनके साथ कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत रोहतास जिले के सभी विधायक व सांसद मौजूद रहेंगे।
नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के क्रम में डेहरी स्थित सोन नदी पर बन रहे वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करेंगे। बता दें कि बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत सासाराम, डेहरी एवं औरंगाबाद शहर में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य चल रहा है। दरअसल, नीतीश कुमार ने ही वर्ष 2024 में इस योजना का शिलान्यास किया था और अब प्लांट का आधे से अधिक कार्य पूरा हो चुका है।

रोहतास जिले को मुख्यमंत्री 480.09 करोड़ की कुल 308 योजनाओं की सौगात देने वाले हैं, जिसमें ग्रामीण कार्य विभाग, पंचायती राज विभाग, जिला कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, योजना एवं विकास विभाग, पशुपालन विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, नगर परिषद, पथ निर्माण विभाग आदि की योजनाएं शामिल हैं।

नीतीश कुमार डेहरी स्थित बीएमपी मैदान में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक भव्य पंडाल का निर्माण किया गया है और सभी प्रशासनिक तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सारी तैयारियां मुकम्मल हैं और हर जगह सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दरअसल, मुख्यमंत्री की मौजूदगी वाली सभी जगहों को दुल्हन की तरह सजाया गया है और डीएम-एसपी समेत सभी वरीय अधिकारी पूरे कार्यक्रम की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!