टॉप न्यूज़देशबॉलीवुड

Los Angeles में Ramayana की पहली झलक, Ranbir Kapoor के राम अवतार को देख फैंस की आंखें हुईं नम

Los Angeles में Ramayana की पहली झलक, Ranbir Kapoor के राम अवतार को देख फैंस की आंखें हुईं नम

निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण को लेकर लोगों में और भी दिलचस्पी जग गयी है। हाल ही में लॉस एंजेलिस में एक खास स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म का टीज़र चुनिंदा लोगों को दिखाया गया और वहां मौजूद लोगों की प्रतिक्रियाएं बताती हैं कि यह फिल्म सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि एक अनुभव बनने जा रही है।हालांकि आधिकारिक तौर पर यह टीज़र 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के मौके पर दुनिया भर में रिलीज किया जाएगा, लेकिन उससे पहले इसे सीमित दर्शकों के बीच दिखाया गया। इस एक्सक्लूसिव प्रीव्यू में मोबाइल से रिकॉर्डिंग की अनुमति नहीं थी, फिर भी इवेंट के कुछ शॉट्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।
इस दौरान रनबीर कपूर, नमिता मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी खुद मौजूद थे। वीडियो में रनबीर को फैंस से मिलते और उनका अभिवादन करते देखा गया और उनके चेहरे पर इस प्रोजेक्ट को लेकर एक अलग ही अपनापन नजर आ रहा था।रनबीर कपूर ने वहां मौजूद दर्शकों से बातचीत करते हुए कहा कि यह उनके लिए बेहद खास पल है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि यह फिल्म उनके दिल के बहुत करीब है और सबसे पहले इसे दर्शकों के साथ साझा करना उनके लिए गर्व की बात है। उनकी बातों में एक कलाकार की उत्सुकता के साथ-साथ एक जिम्मेदारी भी साफ झलक रही थी। भगवान राम के किरदार पर बात करते हुए रणबीर कपूर ने जिस तरह अपने विचार रखे, उसने माहौल को और गंभीर बना दिया। उन्होंने कहा कि भगवान राम सिर्फ एक धार्मिक पात्र नहीं हैं, बल्कि सदियों से करोड़ों लोगों के लिए एक नैतिक दिशा दिखाने वाले आदर्श रहे हैं। करुणा, साहस, धर्म और क्षमा—ये सभी गुण उन्हें “मर्यादा पुरुषोत्तम” बनाते हैं।
इस खास स्क्रीनिंग में मौजूद दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी कम दिलचस्प नहीं रहीं। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने जो देखा, वह उम्मीद से कहीं ज्यादा बड़ा और प्रभावशाली था। एक यूजर ने इसे “एक नई दुनिया की शुरुआत” बताया जहां पौराणिक कहानी सिर्फ सुनाई नहीं जाती, बल्कि महसूस होती है। एक अन्य दर्शक ने एक खास सीन का जिक्र करते हुए लिखा कि जब राम नाव में बैठे होते हैं और कोई उनका नाम पुकारता है, तो उनका धीरे-धीरे मुड़ना बेहद भावुक कर देने वाला था। उस एक पल में जो भाव, ध्वनि और एहसास था वह सीधे दिल तक पहुंच गया। उस दर्शक ने यह भी स्वीकार किया कि वह पल उनके लिए इतना असरदार था कि उनकी आंखें नम हो गईं।
फिल्म की स्टारकास्ट भी इसे और खास बनाती है। जहां रनबीर कपूर भगवान राम के रूप में नजर आएंगे, वहीं साईं पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं। यश रावण की भूमिका में दिखेंगे, जबकि सन्नी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, शीबा चड्ढा और इंदिरा कृष्णन भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं। रिलीज की बात करें तो रामायण का पहला भाग इस साल दिवाली पर सिनेमाघरों में आने की तैयारी में है, जबकि दूसरा भाग 2027 की दिवाली पर रिलीज किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!