
पश्चिम बंगाल भाजपा ने मंगलवार को विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी है। इस सूची में 13 नाम हैं। साथ ही दूसरी सूची में घोषित एक उम्मीदवार को बदला भी गया है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर दी है। इस चौथी सूची में 13 उम्मीदवारों का नाम शामिल है। वहीं दूसरी सूची में घोषित एक उम्मीदवार का नाम बदला भी गया है। सूची के अनुसार, दूसरी सूची में घोषित मयनागुड़ी (अनुसूचित जाति) सीट से अब दालिम रॉय भाजपा उम्मीदवार होंगे। नई सूची के अनुसार, सिताई सीट से आशुतोष वर्मा नाटाबाड़ी से गिरिजा शंकर रॉय, बागदा से सोमा ठाकुर, मगराहाट पूर्व से उत्तम कुमार बनिक और फालटा से देबांगशु पांडा को टिकट दिया गया है। वहीं सोनारपुर उत्तर से देबाशीष पाठक, हावड़ा दक्षिण से श्यामल हाती, पंचला सीट से रंजन कुमार पॉल, चंडीपुर से पीयूष कांति दास, गारबेटा से प्रदीप लोढ़ा, मेमारी से मानव गुहा और बाराबनी सीट से अरिजीत रॉय भाजपा उम्मीदवार होंगे। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं। पहले चरण के लिए 23 और दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। वहीं चुनाव नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।भाजपा पश्चिम बंगाल की सभी 294 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। अभी तक भाजपा ने 287 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पहली सूची में भाजपा ने 144 उम्मीदवारों के नाम जारी किए थे। वहीं दूसरी सूची में 111 और तीसरी सूची में 19 नाम घोषित किए गए हैं। अब चौथी सूची में 13 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। बंगाल भाजपा के कई बड़े चेहरे चुनाव लड़ेंगे, जिनमें सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, स्वप्न दासगुप्ता, निशीथ प्रमाणिक, रूपा गांगुली, जितेंद्र कुमार तिवारी, कौस्तव बागची जैसे नामों की घोषणा हो चुकी है। भाजपा ने संदेशखाली से चर्चा में आईं रेखा पात्रा को फिर से टिकट दिया है। साथ ही आरजी मामले में मृतक डॉक्टर की मां को भी इस बार भाजपा ने टिकट दिया है।




