तालुकेदार इंटर कॉलेज की छात्रा ने नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में जिले में पाया प्रथम स्थान
✍️आर.एस.तिवारी
तालुकेदार इंटर कॉलेज की छात्रा ने नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में जिले में पाया प्रथम स्थान
लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र के मीनापुर गांव में स्थित तालुकेदार इंटर कॉलेज की छात्रा ने जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में जनपद में प्रथम स्थान व अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में लखनऊ मंडल में प्रथम स्थान पाया है। विद्यालय की छात्रा ने जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा दी थी। छात्रा की इस उपलब्धि पर तालुकेदार इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुशील कुमार पटेल ने छात्रा को फूल माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। पूर्व में भी विद्यालय के कई अन्य छात्र- छात्राओं ने नवोदय की प्रवेश परीक्षा पास कर नाम रोशन किया है।लखनऊ जनपद के मोहनलालगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत सुल्सामऊ के मजरा कुंवर खेड़ा निवासी अभिका यादव पुत्री पंकज यादव मीनापुर गांव के तालुकेदार इंटर कॉलेज में कक्षा पांच में पढ़ती है।
अभिका यादव ने जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए परीक्षा दी थी। जिसमें उसने जिले में प्रथम स्थान पाकर विद्यालय, गांव और अपने माता-पिता का नाम रोशन किया। विद्यालय के प्रबंधक सुशील कुमार पटेल ने छात्रा की इस उपलब्धि पर उन्हें सम्मानित किया। छात्रा की इस उपलब्धि से विद्यालय के शिक्षकों में भी खुशी है। इस दौरान प्रबंधक सुशील कुमार पटेल ने कहा कि छात्र-छात्राओं की मेहनत और विद्यालय के शिक्षकों का दायित्वपूर्ण शिक्षण कार्य से ये उपलब्धि मिली है। उन्होंने छात्रा के उज्जवल भविष्य की कामना कर बधाई दी है।



