प्रयागराज में बाइक चोर गिरोह सक्रिय,घर के अंदर से बाइक चोरी,पांच दिन बाद भी नहीं दर्ज हुई एफआईआर
✍️आर.एस.तिवारी
प्रयागराज |वैसे तो किसी भी सामान की कभी भी चोरी हो सकती है, क्योंकि समाज में हर जगह कुछ चोर घूमते ही रहते हैं. लेकिन इस समय दोपहिया वाहनों की चोरी बहुत आम बात हो गई है. क्योंकि इन्हें चुराना और जल्दी से लेकर भागना काफी आसान होता है. हमें दिन प्रतिदिन बहुत सी ऐसी घटनाएं देखने को मिलती रहती हैं और प्रयासों के बावजूद चोरी हुई बाइक का वापस मिल पाना न के बराबर होता है. ऐसे में अपनी बाइक को चोरों से बचा पाना काफी मुश्किल होता है, क्योंकी चोर हर तरह के लॉक को तोड़ने में माहिर होते हैं.
प्रयागराज में भी इन दिनों बाइक चोर सक्रिय हैं और बाइक चोरी होने की घटनाएं तेजी से बढ़ती जा रही हैं। ऐसा ही एक बाइक चोरी का मामला उतरांव थाना क्षेत्र से प्रकाश में आया है।
उतरांव थाना क्षेत्र के जगतपुर में एक बाइक घर के अंदर से चोरी हो गई। जगतपुर निवासी चंद्र कुमार ने बताया 08 अक्टूबर की रात अपनी बाइक टीवीएस अपाचे (UP 70 FC 1265) घर के अंदर खड़ी कर कमरे में सोया था। इस दौरान बाइक लेकर चोर फरार हो गए। सुबह जब परिजन उठे तो बाइक नहीं थी। परिजन ने आसपास तलाश की लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद प्रार्थी ने पुलिस को तहरीर देकर सूचना दी। पुलिस ने तहरीर लेकर घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक ना ही रिपोर्ट दर्ज की और ना ही कोई कार्रवाई की है।





