सौतेले रिश्ते का खौफनाक मंजर:

(विनोद दीक्षित की खास रिपोर्ट)
सौतेले रिश्ते का खौफनाक मंजर: मोबाइल पर बात करने का शक पर सौतेले बाप ने बीसीए छात्रा को चाकुओं से गोद गोदकर उतारा मौत के घाट, मां को भी किया लहूलुहान
रिश्तों की जंजीर तब खून में तब्दील हो जाती है, जब उनमें शक और स्वार्थ का ज़हर घुल जाए। ठीक ऐसा ही उत्तर प्रदेश के राजधानी लखनऊ की विज्ञानपुरी कॉलोनी में एक ऐसा ही रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर बीती रात सामने आया, जब एक सौतेले पिता ने 19 साल की बेटी को चाकुओं से गोद-गोदकर मार डाला। इस दिल दहला देने वाली वारदात में मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जो बेटी को बचाने दौड़ी थी।
ये खौफनाक घटना बीती रात करीब साढ़े सात बजे की है। विज्ञानपुरी में रहने वाली रेखा राजपूत अपनी इकलौती बेटी सिमरन के साथ रहती थीं। सिमरन अमिटी यूनिवर्सिटी से बीसीए की पढ़ाई कर रही थी। पति जागेश सिंह की मौत के बाद रेखा ने एक साल पहले विकास चंद्र पांडेय नाम के व्यक्ति से दूसरी शादी की थी। शुरुआत से ही सिमरन और विकास के बीच अनबन थी।
बताया जाता है कि सोमवार को जब सिमरन अपने मोबाइल पर कुछ देख रही थी, तो विकास को शक हुआ कि वह किसी से फोन पर बात कर रही है। शक और गुस्से में तिलमिलाए विकास ने सिमरन को टोक दिया, जिस पर दोनों में कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि विकास ने सिमरन को घर से निकल जाने को कहा। इस पर बहस और तीखी हो गई।
गुस्से से भरे विकास ने रसोई में रखा चाकू उठाया और सिमरन पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। बेटी की चीख सुनकर मां रेखा दौड़ीं तो देखा कि विकास चाकू से सिमरन की गर्दन पर वार कर रहा था। रेखा ने जब बेटी को बचाने की कोशिश की, तो विकास ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और उनकी हथेली पर चाकू मार दिया।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सिमरन को खून से लथपथ हालत में उठाकर जीप से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से ही आरोपी विकास चंद्र पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। घटना स्थल से खून से सने दो चाकू बरामद किए गए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक टीम ने जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
डीसीपी सेंट्रल आशीष श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि हत्या का कारण घरेलू कलह और संपत्ति को लेकर विवाद था। विकास बेरोजगार था और रेखा की संपत्ति पर नज़र गड़ाए बैठा था। वह अक्सर सिमरन को लेकर रेखा से बहस करता था। सिमरन को विकास का इस घर में होना शुरू से ही नागवार लगता था, लेकिन मां के फैसले के आगे मजबूर थी।
पड़ोसियों के अनुसार, विकास अकसर रेखा और सिमरन से झगड़ा करता था। कई बार आवाज़ें घर से बाहर तक आती थीं। लोगों ने बताया कि रेखा के पहले पति डॉक्टर थे और बहुत ही सज्जन व्यक्ति थे। उनके गुजरने के बाद रेखा बुरी तरह टूट गई थीं और अकेलेपन में विकास से शादी कर ली।
घटना के बाद विज्ञानपुरी की पॉश कॉलोनी में मातम सा सन्नाटा पसरा हुआ है। लोगों को यकीन नहीं हो रहा कि एक पढ़ी-लिखी लड़की को इतनी बेरहमी से सिर्फ इस शक पर मार डाला गया कि वह फोन पर बात कर रही थी।
रेखा के रिश्तेदारों ने पुलिस को बताया कि सिमरन की अपने सौतेले पिता से पटरी नहीं बैठती थी। आए दिन उनके बीच बहस होती थी। रेखा की छोटी बहन ने बताया कि विकास अक्सर संपत्ति को लेकर सिमरन पर आरोप लगाता था कि वह उसकी मां को भड़काती है।
अब रेखा अस्पताल में भर्ती हैं और सिमरन पंचतत्व में विलीन हो चुकी है। जिसने अपनी मां की दूसरी शादी चुपचाप स्वीकार की, उसी ने मां की आंखों के सामने उसका कत्लेआम हो गया।
पुलिस ने हत्या, हत्या की कोशिश और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। रेखा की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन उनकी आंखों में जो छलक है, वह शायद कभी भर न सके।
यह वारदात एक बार फिर यह सवाल छोड़ गई है कि क्या रिश्ता सिर्फ नाम का होना काफी है, जब दिलों में विश्वास न हो और मन में भरा हो लालच, शक और नफरत का ज़हर।खबर यूपी के लखनऊ से विनोद दीक्षित की खास रिपोर्ट।




