अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: दुनिया में गूंजा ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’, किंग चार्ल्स ने दिया संदेश

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की 11वीं वर्षगांठ के अवसर पर पूरी दुनिया ने भारत की इस प्राचीन परंपरा का उत्सव मनाया। इस वर्ष की थीम रही “योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” जिसका उद्देश्य न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य, बल्कि वैश्विक समरसता और मानसिक शांति को भी बढ़ावा देना रहा। भारत की पहल पर 2014 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को योग दिवस घोषित किया गया था और तब से यह आयोजन एक वैश्विक आंदोलन बन चुका है।बीजिंग में भारतीय राजदूत प्रदीप कुमार रावत की मौजूदगी में पुराने भारतीय दूतावास परिसर में आयोजित योग सत्र में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। इस दौरान योग प्रतियोगिता, सामूहिक अभ्यास और राजनयिकों की भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया।
शंघाई में संयुक्त राष्ट्र के रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर सिद्धार्थ चटर्जी ने योग के वैश्विक प्रभाव की सराहना की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की।
लंदन के स्ट्रैंड क्षेत्र में सैकड़ों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास किया। भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी ने कार्यक्रम की शुरुआत की और किंग चार्ल्स तृतीय का विशेष संदेश पढ़ा जिसमें उन्होंने योग को “विश्व शांति और स्वास्थ्य का मार्ग” बताया। किंग्स कॉलेज लंदन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने इसे भारत-ब्रिटेन के रिश्तों को और प्रगाढ़ करने वाला क्षण बताया।




