UP News: गृहमंत्री ने सिपाहियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, कहा- अब यूपी में गुंडों को नहीं मिलेगा वीआईपी ट्रीटमेंट

गृहमंत्री अमित शाह राजधानी लखनऊ पहुंच गए हैं। उन्होंने डिफेंस एक्सपो मैदान में नवचयनित सिपाहियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। नवचयनित 60244 सिपाहियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उनके साथ सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
गरीब, वंचित को आपके अंदर मसीहा दिखना चाहिए
अतंरिक्ष के क्षेत्र में हम सोच नहीं सकते थे, कि भारत कभी वहां पहुंचेगा। लेकिन हम चंद्रमा के उस हिस्से पर पहुंचे जहां पूरे विश्व में कोई नहीं पहुंचा। आज अयोध्या में रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हो चुके हैं। काशी विश्वनाथ में कॉरिडोर बन चुका है। सोमनाथ मंदिर सोने का बनाने की दिशा में काम हो रहा है। वक्फ बोर्ड से आज कोई कानी पाई भी नहीं चुरा सकता। वक्फ कानून से रोका गया है।
आखिर में गृहमंत्री ने कहा कि आज यहां उत्तर प्रदेश पुलिस बल में जो नई भर्तियां हुई हैं, उनमें 12 हजार से अधिक महिलाएं हैं। हमने महिलाओं के लिए जो आरक्षण दिया था, उसे उत्तर प्रदेश में पूरी तरह लागू किया गया है। अगर, मैं पीएम मोदी के शब्दों का इस्तेमाल करूं तो आप ‘अमृतकाल’ में यूपी पुलिस में शामिल होने जा रही हैं। आप सभी युवा यूपी पुलिस का हिस्सा बनिए। गरीब, वंचित को आपके अंदर मसीहा दिखना चाहिए। ऐसा काम कीजिए। यूपी में अच्छा काम करते हुए आप देश की सेवा करेंगे।
2027 तक देश दुनिया में तीसरे नंबर का अर्थतंत्र बन जाएगा
गृहमंत्री ने आगे कहा कि आज किसी युवा को नौकरी के लिए एक पैसा भी नहीं देना पड़ा। न खर्ची, न पर्ची, न सिफारिश… सिर्फ योग्यता के आधार पर आप सबका चयन हुआ। इसमें 12 हजार से अधिक बच्चियां भी है। आज बच्चियों के चेहरे पर मुस्कान, तेज, आत्मसंतुष्टि देखकर काफी सुकून मिला। आज तक पुलिस बल में भर्तियां जाति के आधार पर होती थीं। लेकिन आज तकनीक के माध्यम से पारदर्शिता के कारण आप सभी की नियुक्ति हुई है। आज सीसीटीवी कैमरे हैं, कंट्रोल रूम हैं, कमांड सेंटर हैं, पीसीआर वन है और 150 से ज्यादा एफएसएल यूनिट हैं। आप सभी को इसे आगे बढ़ाना है। मुझे पूरा विश्वास है कि आप सुरक्षा, सेवा और संवेदनशीलता के मंत्र के साथ आगे बढ़ेंगे। दंगों का घर माना जाने वाला यूपी आज दंगा मुक्त होगा चुका है। आज यूपी में अपराधियों को वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं मिलता।



