एक दिन में आए 30 नए कोरोना मरीज,एक्टिव केस 138 हुए, दो भर्ती

नोएडा: स्वास्थ्य विभाग ने बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमित 30 नए मरीजों की पुष्टि की। इससे पहले एक दिन में 45 मरीज कोरोना के सामने आए थे। इस साल एक दिन में संक्रमितों की यह संख्या सबसे अधिक है। होम आइसोलेशन और अस्पताल से अब तक छह मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। संक्रमित मरीजों में से 130 का इलाज होम आइसोलेशन में किया जा रहा है। दो मरीज निजी अस्पताल में इलाज करवा रहा है। नए मरीजों में तीन परिवार के 10 से अधिक सदस्य संक्रमित हैं। 18 साल से कम उम्र के भी तीन मरीजों में कोरोना संक्रमण मिला। जिले में पिछले 11 दिनों में 138 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इन मरीजों में से 74 मरीज पुरुष और बाकी महिलाएं हैं। मरीजों के संपर्क में आए लोगों की जांच नहीं की गई है। जिला निगरानी अधिकारी टीकम सिंह ने बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीज भी गंभीर नहीं है, बल्कि एहतियात के लिए मरीज अस्पताल में इलाज करवा रहा है। होम आइसोलेशन में सभी मरीजों की हालत स्थिर है। कोई भी गंभीर नहीं है। सभी सक्रिय मरीजों पर निगरानी की जा रही है। कोविड के लिए जिला अस्पताल में 10 और सीएचसी में पांच बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया जाएगा। दूसरी ओर जिला अस्पताल में कोरोना संक्रमण की जांच के लिए नमूने लिए जा रहे हैं। नमूनों की जांच चाइल्ड पीजीआई में हो रही है।




