
Anti Corruption News Views बांदा । जिले में अतर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम पचोखर के पास सड़क हादसा हुआ। नरैनी की तरफ से आ रही एक बाइक रविवार देर रात को रोड किनारे दो दिनों से खराब खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अजीत और मिथलेश के रूप में हुई है। बाइक चला रहा पल्हरी निवासी 24 वर्षीय रज्जू गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के समय तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी अतर्रा पहुंचाया। वहां डॉक्टर अरविंद ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। रज्जू की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। अतर्रा क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि डायल 112 से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




