बुझ गया घर का इकलौता चिराग, पूरे गांव में पसरा मातम; हादसे के 5 दिन बाद मौत से जंग हार गया 25 वर्षीय मुकेश शुक्ला

✍️आर.एस.तिवारी
लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र के हरिकंशगढ़ी में हुई सड़क दुर्घटना में घायल 25 वर्षीय युवक मुकेश शुक्ला 5 दिन बाद आखिर मौत से जंग हार गया। तीन बहनों के इकलौते भाई की मौत के बाद हसते खेलते परिवार का इकलौता चिराग बुझने से गांव व परिवार में मातम पसरा हुआ है।
वहीं, सोमवार की शाम को मुकेश का शव घर पहुंचा तो स्वजन में चीख-पुकार मच गई। मुकेश की तीनों बहनों,पत्नी, पिता व मां का रो-रोकर बुरा हाल था। देर शाम मुकेश के शव का पैतृक गांव मीनापुर में बेहद गमगीन माहौल में सई नदी के तट पर अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में मोहनलालगंज विधायक अमरेश कुमार रावत व पूर्व मंडल अध्यक्ष सुधांशु सिंह ने पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।
मोहनलालगंज क्षेत्र के मीनापुर गांव निवासी राजकुमार शुक्ला तीन बेटियों और एक बेटा व बहू सहित परिवार के साथ रह रहे थे। इससे पहले लगभग 13 वर्ष पूर्व मुकेश के बड़े भाई सनी की भी बचपन में ही सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी और लगभग 8 माह पूर्व मुकेश का विवाह हुआ था।
बता दें कि 4 मार्च को राजकुमार शुक्ला का पुत्र मुकेश शुक्ला (25 वर्ष) स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से अपनी ससुराल जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तीन सवारी बैठाए अनियंत्रित टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (UP 32 JA 8856) के चालक ने तेजी व लापरवाही से टक्कर मार दी। घायल मुकेश को पुलिस ने पीजीआई ट्रामा टू में भर्ती कराया था, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे केजीएमयू रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि उपचार के दौरान मुकेश की सोमवार सुबह मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही कोहराम मच गया।
Back to top button
error: Content is protected !!