
बिहार में नई सरकार कैसी होगी, मुख्यमंत्री कौन होगा? इसका सवाल हर कोई जानना चाहता है। इस बीच नीतीश कुमार ने आज शाम पार्टी की मीटिंग बुलाई है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले से बिहार की राजनीति ने बडी करवट ले ली है। बिहार का नया मुख्यमंत्री कौन होगा, नई सरकार का गठन क्या होने वाला है? निशांत कुमार का कद क्या होगा? इन सभी पर चर्चा तेज हो गई है। तमाम अटकलों के बीच जानकारी सामने आ रही है कि बिहार की नई विधानसभा में 2 नहीं 1 ही डिप्टी सीएम हो सकता है। यह लगभग तय है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ही उप मुख्यमंत्री होंगे।
इस बीच आज 6 मार्च को शाम 5 बजे मुख्यमंत्री आवास पर अहम बैठक होने जा रही है। बैठक में नई सरकार के गठन को लेकर चर्चा होने वाली है। माना जा रहा है कि नई सरकार में जदयू कोटे से 15 मंत्री शामिल हो सकते हैं। आज शाम की बैठक में नीतीश कुमार पार्टी सदस्यों से बातचीत कर अपने फैसले को भी समझाने की कोशिश करेंगे। साथ ही कहा जा रहा है कि वह जदयू को यह भी विश्वास दिलाएंगे कि भले ही राज्यसभा जा रहे हैं लेकिन बिहार की राजनीति पर नजर बनाए रखेंगे।नवंबर, 2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनावों के बाद एनडीए में बनी सहमति के अनुसार फिलहाल जदयू से मुख्यमंत्री हैं और बीजेपी से 2 मुख्यमंत्री हैं। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष का पद भी बीजेपी के पास ही है और उपाध्यक्ष का पद जदयू के पास है। चिराग पासवान की पार्टी लोजपा-आर से 2 मंत्री हैं। ‘हम’ और रालोमो से 1-1 मंत्री हैं। अब नई सरकार में कौन सा फॉर्मूला अपनाया जाएगा, यह अगले कुछ दिनों में स्पष्ट हो जाएगा।यह तय हो गया है कि 10 बार मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार अब बिहार की राजनीति से अलग होने जा रहे हैं। अब सवाल है कि बिहार का नया मुख्यमंत्री कौन होगा? इस रेस में कई नाम शामिल हो गए हैं। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा दौड़ में सबसे आगे हैं। इसके बाद केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय का नाम चल रहा है। दिलीप जायसवाल और संजय जायसवाल भी रेस में हैं।
हालांकि कुछ नाम ऐसे भी हैं जो चौंका सकते हैं। बिहार बीजेपी के दलित चेहरा जनक राम, महिला विधायक श्रेयसी सिंह और गायत्री देवी के नाम भी चलना शुरू हो गए हैं। हालांकि पूरी तस्वीर साफ होने के लिए हमें थोड़ा इंतजार करना होगा। 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव हैं। जानकारी यह मिल रही है कि राम नवमी के दिन यानी 29 मार्च को मुख्यमंत्री पद के लिए नाम का ऐलान किया जा सकता है।




