
मुरादाबाद
कंपकंपी छुड़ाने वाले पूस के महीने में 29 दिसंबर को सीजन की सबसे ठंडी रात होने जा रही है। मौसम विभाग ने इसका पूर्वानुमान जारी किया है। 29 दिसंबर को रात का तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिन का तापमान भी 16.5 से गिरकर 14 डिग्री पर पहुंच सकता है। एक जनवरी को बारिश के साथ नए साल का स्वागत होने के आसार हैं।
रविवार को दिन का तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस और रात का 9.5 डिग्री रहा। दिन का तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के सात दिन के पूर्वानुमान के अनुसार तीन जनवरी तक ठंड, घने कोहरे का सिलसिला बना रहेगा। बीच में हल्की बारिश हो सकती है।
इस दौरान न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रहेगा। लगातार ठंडे दिन और सुबह-शाम घना कोहरा आम जनजीवन पर असर डाल सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार तापमान में गिरावट के पीछे कई प्राकृतिक कारण सक्रिय हैं।
पहला कारण उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं हैं, जो पहाड़ी क्षेत्रों से मैदानी इलाकों की ओर बह रही हैं। यह हवाएं वातावरण की गर्मी को तेजी से कम कर रही हैं। दूसरा कारण पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव है। इससे बादल और नमी रहती है, जिससे तापमान नीचे जाता है और कोहरा बनता है। तीसरा अहम कारण नमी का स्तर बढ़ना है।
रात के समय धरती से निकलने वाली ऊष्मा कम हो रही है, जिससे सुबह के वक्त कोहरा घना हो जाता है। चौथा कारण हवाओं की गति धीमी होना है। हवा कम चलने से ठंड और कोहरा लंबे समय तक टिके रहते हैं।
पंतनगर विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि घना कोहरा और ठंड गेहूं, जौ और सरसों की फसलों के लिए लाभकारी है, क्योंकि इससे नमी बनी रहती है। वहीं आलू, सब्जियों और फूलों की खेती करने वाले किसानों को पाले का खतरा सता सकता है। यदि तापमान और गिरा तो फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।




