Uncategorized

युवा कल्याण विभाग की मंडलीय खेल प्रतियोगिता हुई संपन्न,काव्या सिंह व वृतिका को मिला स्वर्ण पदक

✍️आर.एस.तिवारी

युवा कल्याण विभाग की मंडलीय खेल प्रतियोगिता हुई संपन्न,काव्या सिंह व वृतिका को मिला स्वर्ण पदक

लखनऊ। युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता (जोन–लखनऊ) का आयोजन मऊ स्टेडियम, मोहनलालगंज में 11 से 13 मार्च 2026 तक किया गया। प्रतियोगिता के पहले दिन 11 जिलों से करीब 600 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में एथलेटिक्स, कबड्डी, बैडमिंटन, कुश्ती, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन, जूडो और फुटबॉल की स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
जोनल प्रतियोगिता में 14 लोकसभा क्षेत्रों के खिलाड़ी शामिल हुए, जिनमें उन्नाव, रायबरेली, लखनऊ, लखीमपुर, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, मिश्रिख, सीतापुर, धौरहरा, बाराबंकी और आंबेडकर नगर के प्रतिभागी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के दौरान कई गंभीर अव्यवस्थाएं सामने आईं, जिससे खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में नाराजगी देखने को मिली। प्रतिभागियों को सुबह आठ बजे से मैदान में बुला लिया गया था, लेकिन प्रतियोगिताएं दोपहर बाद तक शुरू नहीं हो सकीं। उद्घाटन समारोह के गुब्बारे करीब सवा बारह बजे छोड़े गए और एक बजे तक भी खेल शुरू नहीं हो पाए, जिससे खिलाड़ियों को तेज धूप में घंटों इंतजार करना पड़ा।
प्रतियोगिताएं देर शाम और अंधेरे में भी जारी रहीं।
प्रथम स्थान पाने वाले खिलाड़ियों को ट्रैक सूट, द्वितीय को बैग और तृतीय स्थान पर टी-शर्ट प्रदान की गई। उन्नाव के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। औरास ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा की छात्राओं खुशी और उपासना ने चोटिल होने के बावजूद दौड़ और लंबी कूद में शानदार प्रदर्शन किया।
सब जूनियर लंबी कूद में उन्नाव की खुशी और जूनियर वर्ग में कृष्णा ने रजत पदक हासिल किया। जूनियर लंबी कूद में उपासना को स्वर्ण तथा सीनियर लंबी कूद में वृतिका व जूडो में लखनऊ की काव्या सिंह को स्वर्ण पदक मिला। जूनियर गर्ल्स 800 मीटर दौड़ में खुशी ने कांस्य और सब जूनियर वर्ग में अदिति ने रजत पदक जीता।
हाई जंप जूनियर गर्ल्स में जैनिश तथा सीनियर बॉयज वर्ग में साहिल को रजत पदक मिला। वहीं 200 मीटर सीनियर दौड़ में दीपक और वृतिका ने रजत पदक हासिल किया। टीम स्पर्धाओं में उन्नाव सब जूनियर कबड्डी में विजेता तथा जूनियर वर्ग में उपविजेता रहा।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए शिक्षक प्रदीप कुमार वर्मा, विद्या सागर मिश्र और ब्रजेश सागर भी मैदान में मौजूद रहे। इसके अलावा आदर्श और विकास रावत भी खिलाड़ियों के साथ रहे। संध्या शुक्ला, शिवा तिवारी और पीएसपीएसए जिलाध्यक्ष संजीव संखवार ने उन्नाव के खिलाड़ियों को बधाई दी।
प्रतियोगिता के अंत में उन्नाव युवा कल्याण विभाग के जिला अधिकारी ने विजेताओं को मेडल और पुरस्कार प्रदान किए। प्रतिभागियों और प्रशिक्षकों ने मांग की कि आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर ट्रैक, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित किया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!