ससुराल आए दामाद की पीट-पीटकर हत्या, ससुर और चार बेटियां गिरफ्तार
लखनऊ। आशियाना क्षेत्र के सेक्टर में किराए के मकान में रह रहे एक अधिवक्ता परिवार ने मंगलवार की देर रात दामाद की पीट-पीट कर हत्या कर दी. इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची आशियाना पुलिस ने आरोपित ससुर व उनकी चार पुत्रियों को पूछताछ के लिए कस्टडी में लिया है.
जानकारी के अनुसार, आशियाना के सेक्टर आई मकान संख्या 1061 में विगत दस साल से तीरथराज सिंह अपनी पत्नी सरोज और पांच पुत्रियों राधा (28),साक्षी (26),रत्ना (22),ज्योति (19) एवं एक किशोरी पुत्री संग रहते है. साक्षी चार साल पहले अपने परिवार के खिलाफ जाकर जनपद प्रतापगढ़ थाना सांगीपुर के रहने वाले विष्णु यादव (30) पुत्र छेदी यादव के साथ घर से भागकर प्रेम विवाह किया था और अपने ससुराल प्रतापगढ़ में ही रहती थी. विष्णु और साक्षी की एक दो साल की बेटी भी है.
मंगलवार शाम दामाद विष्णु अपनी पत्नी के साथ ससुराल आया था. रात्रि करीब 9:30 बजे ससुराल में विवाद हो गया और जमकर हाथापाई हुआ गुस्से में आए ससुरालियों ने चारपाई के पाएं से दामाद के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे दामाद की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस ने ससुर समेत चार बहनों को पूछताछ के लिए कस्टडी में ले लिया.
डीसीपी मध्य विक्रान्त वीर सिंह ने बताया कि मंगलवार समय करीब रात 10 बजे डायल 112 के माध्यम से सेक्टर-आई क्षेत्र में हत्या की सूचना प्राप्त हुई. सूचना पर तत्काल प्रभारी निरीक्षक आशियाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जांच में ज्ञात हुआ कि तीर्थराज सिंह की पुत्री साक्षी सिंह ने लगभग 4 साल पूर्व विष्णु यादव निवासी जनपद प्रतापगढ़ के साथ प्रेम विवाह किया था.
आशियाना इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि मृतक के परिवारजनों को सूचना दिया गया है. आरोपित से पूछताछ की जा रही है. मृतक के परिवारजन से शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.




