संपत्ति विवाद में निगोहा थाना क्षेत्र में भाई पर छेड़छाड़ का आरोप,
✍️रामेंद्र प्रताप सिंह
जांच में निकला पारिवारिक मामला पुलिस ने दी कड़ी चेतावनी…….
मोहनलालगंज। राजधानी लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में पारिवारिक संपत्ति विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब एक महिला ने अपने ही सगे भाई पर नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ का आरोप लगा दिया। आरोप लगते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और सूचना पाकर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर विस्तृत पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक जांच में जो तथ्य सामने आए, उन्होंने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। जांच में पता चला कि कथित छेड़छाड़ का आरोप दरअसल परिवार के भीतर लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच संपत्ति के बंटवारे को लेकर काफी समय से तनाव बना हुआ है। इसी विवाद के चलते आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा था, जिसमें इस बार मामला गंभीर आरोप तक पहुंच गया।पुलिस ने पूरे प्रकरण को संवेदनशीलता से लेते हुए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की। हालांकि जांच के दौरान लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को कड़ी फटकार लगाई और भविष्य में इस तरह के गंभीर व भ्रामक आरोप न लगाने की सख्त चेतावनी दी।थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत होता है, फिर भी पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि बिना प्रमाण के इस प्रकार के गंभीर आरोप लगाना न केवल कानूनन गलत है, बल्कि इससे सामाजिक माहौल भी प्रभावित होता है।पुलिस ने दोनों पक्षों को आपसी समझौते के माध्यम से विवाद सुलझाने की सलाह दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति उत्पन्न न हो।




