
नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार आज औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के साथ अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगे। इसे लेकर पटना में पोस्टर लगाए गए हैं।बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में आज 8 मार्च से निशांत ‘युग’ की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए निशांत कुमार आज से JDU के सियासी पिच पर उतर रहे हैं। दोपहर एक बजे निशांत कुमार औपचारिक तौर पर जेडीयू जॉइन करेंगे। निशांत की जॉइनिंग को लेकर प्रदेश भर के जेडीयू कार्यकर्ताओं का पटना पहुंचना शुरू हो गया है। इधर जेडीयू दफ्तर के बाहर निशांत कुमार को लेकर पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर में निशांत कुमार को बिहार का भविष्य बताया गया है।पटना में लगे जेडीयू के पोस्टर में लिखा गया है- नए युग की शुरुआत। बिहार के भविष्य इंजीनियर निशांत कुमार जी का हार्दिक स्वागत है। पोस्टर में नीतीश कुमार की फोटो के नीचे निशांत कुमार की फोटो लगी हुई है। वहीं पोस्टर में नीतीश-निशांत के अलावा जेडीयू के बड़े नेताओं को भी जगह मिली है।जेडीयू दफ्तर के बाहर समर्थक हाथी, घोड़ा-ऊंट लेकर निशांत की ताजपोशी में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं। साथ ही जेडीयू दफ्तर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। आने वाले मेहमानों की जांच के लिए मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं।राजनीति की मुख्यधारा में आने से पहले ही निशांत काफी सक्रिय नजर आए। शुक्रवार को निशांत कुमार ने जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के आवास पर पार्टी के विधायकों और विधान परिषद सदस्यों (MLC) के साथ लंबी बैठक की। इस बैठक में बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार भी मौजूद थे। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में निशांत ने अपनी भविष्य की रणनीतियों और पार्टी संगठन में अपनी भूमिका को लेकर विस्तृत चर्चा की है।निशांत कुमार के राजनीति में प्रवेश के साथ ही कयासों का बाजार गर्म है। सियासी गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि उन्हें नई सरकार में डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक करीबी सहयोगी ने दावा किया है कि इस बात पर ‘सर्वसम्मति’ बन चुकी है कि नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद बनने वाली नई व्यवस्था में निशांत को डिप्टी सीएम बनाया जाएगा।




