दुनियादेशयूपीराजनीति

सीएम योगी का सिंगापुर दौरा: टेमासेक ने यूपी में निवेश की जताई रुचि

 लॉजिस्टिक्स और हेल्थ सेक्टर पर फोकस

सीएम योगी ने सिंगापुर दौरे के पहले दिन टेमासेक होल्डिंग्स के चेयरमैन टियो ची हीन से मुलाकात कर यूपी में अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, डेटा सेंटर और कौशल विकास क्षेत्रों में निवेश पर चर्चा की।उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से योगी आदित्यनाथ ने अपने सिंगापुर दौरे के पहले दिन विदेशी निवेशकों और कॉरपोरेट प्रतिनिधियों से अहम बैठकें कीं। इन बैठकों में राज्य में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारी के विविध आयामों पर विस्तृत चर्चा हुई।सीएम योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले टेमासेक होल्डिंग्स (Temasek Holdings) के चेयरमैन टियो ची हीन (Teo Chee Hean) और उनकी टीम से मुलाकात की। बैठक में टेमासेक के वैश्विक निवेश पोर्टफोलियो तथा उत्तर प्रदेश में संभावित निवेश अवसरों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने टेमासेक को उत्तर प्रदेश में अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, वेयरहाउसिंग, फिनटेक आधारित शहरी विकास और अन्य संबद्ध क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया।बैठक में टेमासेक की पोर्टफोलियो कंपनी मनिपाल हॉस्पिटल्स (Manipal Hospitals) द्वारा गाजियाबाद में लगभग 500 करोड़ रुपये के निवेश की जानकारी साझा की गई। इसके अलावा असेंडास (Ascendas) द्वारा राज्य में लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग सुविधाओं के विकास के लिए करीब 500 करोड़ रुपये के निवेश का उल्लेख किया गया। यह निवेश स्वास्थ्य और औद्योगिक अवसंरचना को नई गति देने वाला माना जा रहा है।बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने डेटा सेंटर और कौशल विकास जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर सहमति जताई। यह पहल उत्तर प्रदेश में भविष्य उन्मुख अवसंरचना निर्माण और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।मुख्यमंत्री ने निवेशकों को उत्तर प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था, विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी, विकसित एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर नीति, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और उभरते लॉजिस्टिक्स हब की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के तहत पारदर्शी, त्वरित और निवेशक-अनुकूल वातावरण प्रदान कर रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार निवेशकों के साथ दीर्घकालिक और भरोसेमंद साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे रोजगार सृजन और तकनीकी क्षमता का विकास सुनिश्चित हो सके। इस दौरे को प्रदेश में विदेशी निवेश आकर्षित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि निवेश प्रोत्साहन अभियान के तहत केशव प्रसाद मौर्य भी वर्तमान में यूरोप दौरे पर हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!