
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मेरठ को नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो की बड़ी सौगात दी। दोनों नेताओं ने दिल्ली के सराय काले खां से मोदीपुरम तक 82 किलोमीटर लंबे रैपिड कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया। इस दौरान मेरठ के मोहीउद्दीनपुर में आयोजित जनसभा में पीएम मोदी ने कांग्रेस और अन्य दलों पर जमकर निशाना साधा।
पीएम मोदी ने कहा कि मैंने कांग्रेस, सपा और बसपा को कहा था कि अपनी जहरीली राजनीति छोड़िए और आइए विकास के मुद्दे पर मुकाबला करके देखते हैं। लेकिन इन दलों ने अपनी जहरीली राजनीति नहीं बदली। भाजपा ने अपनी विकास की नीति को हमेशा सर्वोपरि रखा। इसका एक उदाहरण हमारी मेट्रो भी है। 2014 से पहले यानी कांग्रेस सरकार के समय में चार-पांच शहरों में मेट्रो थी, आज 25 से ज्यादा शहरों में मेट्रो चलने लगी है।
मोदी ने कहा कि जब देश में कांग्रेस की सरकार थी, तो ये सब संभव ही नहीं था। तब इन्फ्रास्ट्रक्चर के प्रोजेक्ट घोटालों में गुम हो जाते थे। मेट्रो जैसी अधिकतर टेक्नोलॉजी हमें विदेशों से आयात करनी पड़ती थी। हमने घोटाले बंद किए। देश को आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाया। मेरठ और पश्चिम यूपी वालों का जीवन बदलने वाला है। अब एक ही स्टेशन से, एक ही ट्रैक पर नमो भारत और मेट्रो रेल चलेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि हम तो वो लोग हैं, जो गांव में किसी के यहां शादी होती है तो पूरा गांव उसे सफल बनाने में जी-जान से जुट जाता है। ताकि मेहमान गांव की अच्छी छवि लेकर जाएं। कांग्रेस तो अपने ही देश को बदनाम करने में जुटी है। कांग्रेस के नेताओं को मोदी से नफरत है। हम इसे भी सहन कर लेंगे। लेकिन कांग्रेस को याद रखना चाहिए था कि ये AI ग्लोबल समिट भाजपा का कार्यक्रम नहीं था, न ही उस समय भाजपा का कोई नेता वहां था।
मोदी ने कहा कि पूरा देश कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू कर रहा है। दुर्भाग्य देखिए, इतनी पुरानी पार्टी के नेता बेशर्मी के साथ देश की बेइज्जती करने वालों का जयकारा कर रहे हैं। ये मामला कांग्रेस की हरकतों का लगातार चल रहा है। संसद में खुद परफॉर्म नहीं कर पा रहे तो अपने साथी को भी बोलने का मौका नहीं देते। सदन को चलने नहीं देते। इसका सबसे बड़ा नुकसान कांग्रेस के साथी दलों को हो रहा है।
पाप कांग्रेस करती है, भुगतना साथियों को पड़ता है। उन्होंने कहा कि मैं नम्रतापूर्वक देश के मीडिया से रिक्वेस्ट करना चाहता हूं कि कृपा करके हम जब इस प्रकार की हरकतों की आलोचना करें, तो इस तरह की हेडिंग न बनाएं कि मोदी ने विपक्ष को धो डाला। ये विपक्ष-विपक्ष करके आप कांग्रेस को बचा रहे हैं। विपक्ष में जो और साथी बैठे हैं, वो भी समझ गए हैं कि पाप कांग्रेस करती है और भुगतना उन्हें पड़ता है।




