
वाराणसी।
40वीं पंडित कृष्णदेव उपाध्याय प्रादेशिक इनामी हॉकी प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल शुक्रवार को गंगापुर एकेडमी में खेले गए। इनमें तीन टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीत सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। शनिवार को सेमीफाइनल मैच होंगे। रविवार को फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
गंगापुर हॉकी एकेडमी ब्लू और भदोही के बीच खेला गया। इसमें गंगापुर एकेडमी के हर्ष राजभर ने पेनल्टी कार्नर के जरिये 14वें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। जिउत राजभर ने 33वें मिनट में फील्ड गोल किया और स्कोर 2-0 किया। भदोही की टीम ने भी पलटवार किया और फॉवर्ड खिलाड़ी सनी पाल ने 45वें और 55वें मिनट में गोल दाग कर स्कोर बराबरी पर ला दिया। मैच अंतिम क्षणों में गंगापुर के खिलाड़ी आर्यन राजभर ने गोल कर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। विवेक एकेडमी ने मालवीया बीएचयू को 2-0 हरा दिया।
झांसी छात्रावास बनाम डीएचए भदोही के बीच खेला गया। 34वें मिनट में पहला गोल झांसी छात्रावास की ओर से शुभंकर ने मारा और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। 35वें मिनट में पवन कुमार ने गोल दाग कर स्कोर को 2-0 कर दिया। डीएचए भदोही के विजय ने 43वें मिनट में गोल कर टीम को 2-1 पर ला दिया। मैच जीतकर झांसी छात्रावास की टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
इससे पहले मुख्य अतिथि यूपी व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री अखिलेश सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर अजय सिंह, विजय राज यादव, राजकुमार यादव, प्रभुनारायण यादव, दीपक मौर्य मौजूद रहे।




