Uncategorized

प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर यूपी बीजेपी में मंथन तेज, तीन दावेदारों में से एक पर लगेगी मुहर रविवार को

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। भाजपा के सूत्रों की मानें तो प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ अब तीन प्रमुख ओबीसी नेताओं तक सिमट गई है। शनिवार को लखनऊ में नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और उसके बाद रविवार को प्रदेश अध्यक्ष के नाम का आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा। ये नेता रेस में सबसे आगे  सूत्रों के मुताबिक, इस दौड़ में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और सात बार के सांसद पंकज चौधरी सबसे आगे माने जा रहे हैं। हालांकि पंकज चौधरी को लेकर कई तरह की चर्चायें सामने आ रही हैं। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री योगी ने पंकज चौधरी के नाम पर असहमति जताई है। बताया जा रहा है की इसी पेच को सुलझाने के लिए बी एल संतोष शुक्रवार को अचानक लखनऊ भेजे गए। इस स्थिति में पार्टी पंकज चौधरी के विकल्प के तौर पर कुछ नाम सामने कर सकती है। ये वही पंकज चौधरी हैं जिनके घर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जा चुके हैं। ये नेता भी है मजबूत दावेदार  पंकज चौधरी के अलावा प्रदेश के पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह और जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मजबूत दावेदार हैं। पंकज चौधरी और स्वतंत्र देव सिंह कुर्मी समाज से आते हैं, जबकि धर्मपाल सिंह लोध समुदाय से जुड़े हैं। स्वतंत्रदेव सिंह को योगी आदित्यनाथ के खेमे का माना जाता है। इसलिए इनके नाम का पत्ता खुलने की संभावना भी जताई जा रही है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान कुर्मी समाज में दिखी नाराज़गी को भाजपा गंभीरता से ले रही है और इसका असर प्रदेश अध्यक्ष के चयन पर पड़ सकता है। ये नेता भी बन सकते है प्रदेश अध्यक्ष इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा का नाम भी चर्चा में है, हालांकि पार्टी के एक वर्ग, खासकर लोध समाज से जुड़े नेताओं के बीच उनके नाम को लेकर असहमति बताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा की पुरानी परंपरा को देखते हुए केवल एक ही नामांकन दाखिल कराया जा सकता है, लेकिन इस बार पांच सेट नामांकन पत्र तैयार रखे गए हैं, जिससे एक से अधिक नामांकन की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। कल होगा ऐलान  पार्टी का मकसद रविवार को औपचारिक घोषणा तक सस्पेंस बनाए रखना हो सकता है। नए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की घोषणा रविवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के अंबेडकर सभागार में दोपहर दो बजे होने वाले कार्यक्रम में की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, लखनऊ पहुंचने के बाद बीएल संतोष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के साथ बंद कमरे में बैठकें कीं। इन बैठकों में उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व के फैसले से अवगत कराते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया। ब्रजेश पाठक संभालेंगे कमान  सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को नामांकन प्रक्रिया की व्यवस्था उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय संभालेंगे, जबकि रविवार को प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा से जुड़े कार्यक्रम की जिम्मेदारी उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल उर्फ ‘राजा बाबू’ के पास होगी। शनिवार को होने वाली नामांकन प्रक्रिया में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, जो यूपी भाजपा अध्यक्ष चुनाव के पर्यवेक्षक हैं, राष्ट्रीय चुनाव प्रभारी और राज्यसभा सांसद के. लक्ष्मण, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े और पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय भी मौजूद रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!