ग्राम पंचायत लोहेपनिया में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन,पहली बार मतदान के लिए पात्र युवा दिखे सबसे अधिक उत्साहित
✍️अमरदीप यादव
बलरामपुर। विकासखंड व तहसील तुलसीपुर अंतर्गत जनपद बलरामपुर की ग्राम पंचायत लोहेपनिया (महाराजगंज तराई) में ग्राम पंचायत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। यह प्रकाशन बूथ लेवल अधिकारी द्वारा प्राइमरी पाठशाला लोहेपनिया परिसर में संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर मतदाता सूची को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया गया तथा इसकी छायाप्रति पंचायत भवन सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों की दीवारों पर चस्पा की गई, ताकि सभी मतदाता आसानी से सूची का अवलोकन कर सकें। अंतिम प्रकाशन के दौरान प्राप्त आवेदन पत्रों पर भी विचार किया गया और उपस्थित ग्रामवासियों को इससे अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में ग्रामवासी अछैबर प्रसाद, सोहनलाल, महाबीर, बच्चाराम, प्रमोद कुमार, खातूनिशां, शुशीला, अब्दुल हकीम सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष मतदाता मौजूद रहे। सभी ने शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से प्रक्रिया में सहभागिता की।
मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के दौरान सबसे अधिक उत्साह उन युवाओं में देखने को मिला, जिन्होंने पहली बार 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर मतदाता के रूप में पंजीकरण कराया है। ग्रामीणों ने इस प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया।



