विराट पौराणिक हटिया मेले में उमड़ी भीड़ ,लोगों ने जमकर की खरीददारी
लखनऊ। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दूसरे दिन मीनापुर गांव में लगने वाले हटिया मेला में उमड़ी भीड़ ने जमकर खरीदारी की। साथ ही बच्चों ने खिलौने खरीदने के साथ झूले का आनंद लिया। वहीं मेले में घर गृहस्थी व खेती किसानी के सामान की खूब बिक्री हुई।
मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के मीनापुर गांव में लगने वाले हटिया मेला में आसपास व दूर-दराज क्षेत्रों के ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भीड़ रही। गत वर्ष कोरोना वायरस के चलते मेले का आयोजन नहीं हुआ था।बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने घर गृहस्थी के उपयोग में आने वाली मिट्टी के बर्तन के साथ किसानी के लिए करहा आदि खरीदे। वहीं बच्चों ने खिलौने खरीद मेले में लगे झूले का आनंद लिया। आसपास व दूर-दराज के सैकड़ों की संख्या में महिला पुरुष बच्चों ने मेले का आनंद दिया।
कार्तिक पूर्णिमा के बाद द्वितीया तिथि को करीब 100 साल से लगने वाले इस मेले में बड़ी संख्या में महिलाओं ने चिमटा, तवा, चकिया सिलौटी आदि घरेलू सामानों की खरीदारी की।
परिवारीजनों के साथ मेले में आए बच्चों ने यहां की चटोरी गली में टिक्की, पानी के बताशे व अन्य स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद लेने के साथ ही खिलौनों की खूब खरीदारी की। सभी ने यहां विभिन्न प्रकार के झूलों का भी लुत्फ लिया।
इस दौरान मेला परिसर में चौकी इंचार्ज निमेष दुबे,गौरा चौकी इंचार्ज सौरभ सिंह , महिला एस.आई.मेघा तिवारी,महिला एस.आई आकांक्षा,हेड कांस्टेबल सर्वेश कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भगौती यादव, पूर्व प्रधान रमेश कुमार उर्फ लट्ठा यादव, राजकुमार शुक्ला,ओमप्रकाश शुक्ला,राजू शुक्ला,पत्रकार आर.एस.तिवारी, एडवोकेट अभय पटेल, सुशील कुमार पटेल, मयंक पटेल के साथ क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

