बिहार
तेजस्वी आसमान से, नीतीश ज़मीन पर! बिहार में चुनावी जंग तेज, लालू और मोदी के रोड शो ने माहौल बनाया गर्म

बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव प्रचार करने में सबसे आगे तेजस्वी यादव रहे. पिछले एक माह के दौरान तेजस्वी हवा में खूब उड़े. उन्होंने सर्वाधिक 171 जनसभाएं की हैं. तेजस्वी के मुकाबले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मामले में काफी पीछे हैं, लेकिन नीतीश कुमार जमीन से जुड़े रहे. नीतीश कुमार ने महज 84 चुनावी जनसभाएं की हैं, जिनमें 11 स्थल पर सड़क मार्ग से पहुंचे. नीतीश कुमार ने इस चुनाव में एक हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा सड़क मार्ग से की है.
बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान हुए प्रचार अभियान में नीतीश कुमार जहां सड़कों पर गाड़ियों से घूमते रहे, वहीं तेजस्वी यादव हवा में खूब उड़े. इस बार के चुनाव प्रचार में रोड शो का प्रचलन बढ़ा. लालू यादव और प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने रोड शो किया. हालांकि इस बार विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान तमाम नेता सड़क के मुकाबले हवा में उड़ते अधिक दिखे. इस बार प्रचार के लिए नेताओं ने जम कर हेलीकॉप्टर और चार्टर विमानों का इस्तेमाल किया. इस मामले में भाजपा सबसे आगे रही. उसने हेलीकॉप्टर के साथ-साथ चार्टर प्लेन का उपयोग भी चुनाव प्रचार के लिए किया है.




