दो पक्षों में हुआ जमकर खूनी संघर्ष, पथराव के साथ हुई फायरिंग; एक के पेट में लगी गोली…छह की हालत गंभीर
✍️ आर.एस.तिवारी
पीजीआई के रेवतापुर इलाके में दो परिवारों के बीच सोमवार दोपहर खूनी संघर्ष हुआ। दोनों तरफ से जमकर ईंट- गुम्मे चले। एक पक्ष ने लाइसेंसी राइफल से फायरिंग की। गोली प्लंबर सोनू यादव को लगी। मारपीट व पथराव में छह लोग घायल भी हुए। सभी घायलों को ट्रामा-2 में भर्ती कराया गया है।
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि रेवतापुर इलाके में प्लंबर सोनू यादव परिवार संग रहते हैं। पड़ोस में ही उनके पट्टीदार डेयरी संचालक अजय यादव भी रहते हैं। सोमवार करीब तीन बजे दोनों परिवारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते-देखते विवाद काफी बढ़ गया। दोनों परिवार से महिला, पुरुष व अन्य लोग आमने-सामने आ गए।
दोनों तरफ से जमकर ईंट व पत्थर चलने लगे। इस बीच अजय यादव की तरफ से लाइसेंसी राइफल से फायरिंग की गई। फायरिंग में सोनू यादव के पेट में गोली लगी। अचानक इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ईंट लगने से अजय यादव का सिर फट गया। दोनों तरफ से छह लोगों को चोट भी लगी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए ट्रामा-2 में भर्ती कराया। सोनू और अजय को भर्ती कर लिया गया है। दोनों का इलाज चल रहा है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। डीसीपी ने बताया कि दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। दोनों तरफ से केस दर्ज किया जा रहा है।

