गणेश विसर्जन शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब:सिसेंडी में हजारों श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा को दी भावभीनी विदाई,
✍️आर.एस. तिवारी
लखनऊ।मोहनलालगंज क्षेत्र के सिसेंडी गांव में गणेश चतुर्थी के समापन पर 4 सितंबर को संयुक्त रूप से गणेश प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। दोपहर 3 बजे सदर बृद्धेश्वर (बुढ़वा बाबा) मंदिर के पास से शोभायात्रा शुरू हुई। यह रामलीला मैदान और भीलमपुर मोड़ होते हुए विसर्जन स्थल सई नदी की ओर बढ़ी।
शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुनों पर भक्त नृत्य करते नजर आए। आतिशबाजी और रंगों ने माहौल को रंगीन बना दिया।
कलाकारों ने अपनी ढोल की थाप से विशेष आकर्षण जमाया। गणपति की सजी-धजी प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा।
संयुक्त आयोजन में निकली इस शोभायात्रा में सभी धर्म और जाति के लोगों ने हिस्सा लिया। भक्तों ने परिवार, समाज और देश की खुशहाली की कामना की। गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारों के बीच शोभायात्रा जबरेला पुल स्थित विसर्जन स्थल सई नदी के तट पर पहुंची और श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा भावभीनी विदाई दी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रधान प्रतिनिधि राकेश जायसवाल, पूर्व प्रधान अशोक कुमार वर्मा के साथ साथ क्षेत्र के कई गणमान्य लोग व भारी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।




