टॉप न्यूज़

भूपेंद्र पटेल ने केंद्र से नेपाल में फंसे गुजरातियों की मदद करने का अनुरोध किया

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार ने नेपाल में फंसे राज्य के लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए केंद्र से संपर्क किया है, जिनमें पर्यटक और छात्र भी शामिल हैं।राज्य के मंत्री ऋषिकेश पटेल ने बताया कि केंद्र ने गुजरात को आश्वासन दिया है कि नेपाल में फंसे भारतीयों की सुरक्षा का ध्यान रखा जा रहा है, जहां सरकार विरोधी हिंसक प्रदर्शन हुए हैं।मुख्यमंत्री पटेल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नेपाल में राजनीतिक अस्थिरता और हिंसा की घटनाओं के कारण फंसे गुजराती पर्यटकों और छात्रों की सुरक्षित वापसी के लिए राज्य प्रशासन विदेश मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क में है। इस संबंध में मैंने राज्य के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।’’मंत्री ऋषिकेश पटेल ने बुधवार सुबह मीडियाकर्मियों से कहा, ‘‘नेपाल की घटना के बाद भूपेंद्रभाई ने वहां रहने वाले हमारे सभी प्रवासी और गुजराती लोगों का ध्यान रखा है। गुजरात से बहुत से लोग पर्यटक के रूप में नेपाल जाते हैं।’’उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नेपाल में गुजरातियों की सुरक्षा और भलाई को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र से संपर्क किया है, जिसने आश्वासन दिया है कि सभी भारतीयों का ध्यान रखा जा रहा है।विदेश मंत्रालय ने नेपाल में मौजूदा स्थिति के मद्देनजर मंगलवार को भारतीय नागरिकों के लिए एक यात्रा परामर्श जारी किया था। बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा कि नेपाल में बदल रहे हालात को देखते हुए, भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे स्थिति सामान्य होने तक नेपाल की यात्रा स्थगित कर दें। नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे अपने-अपने निवास स्थानों पर ही रहें, सड़कों पर निकलने से बचें और पूरी सावधानी बरतें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!