Uncategorized

बारूद के ढेर पर बैठा राजधानी लखनऊ का यह इलाका,2000 किलो विस्फोटक बरामद

✍️आर.एस. तिवारी

गुडंबा में 2000 किलो विस्फोटक बरामद

लखनऊ:गुडंबा थाना क्षेत्र के बेहटा गांव में रविवार को दो धमाकों में दो जानें चली गई थीं. दो की हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस ने बेहटा गांव में छावनी बना ली है. सोमवार-मंगलवार को गांव में छापेमारी और सर्च अभियान चला. इस दौरान खेत, खाली प्लॉट, अर्धनिर्मित मकान और नालों में 2000 किलो से अधिक विस्फोटक बरामद किए गए हैं. इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश श्रीवास्तव की तहरीर पर 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है.
जांच में यह भी सामने आया कि जिन पटाखा कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई, सभी के लाइसेंस की वैधता समाप्त हो चुकी है. आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं. मंगलवार को भी पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया. इस दौरान पुलिस बेहटा बाजार पहुंची. वहां एक दुकान पर सानू कॉस्मेटिक एंड गिफ्ट सेंटर का बोर्ड लगा था. पुलिस ने सर्च किया तो कॉस्मेटिक दुकान में भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया था.

कॉस्मेटिक की दुकान में बारूद का जखीरा:

दुकान में गोला बारूद, पटाखा, छुरछुरी व अन्य विस्फोट पटाखे रखे हुए थे. दुकान में कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं थे. इसके अलावा इलाके में ही जैनब के घर से पटाखा बनाने के लिए कई बोरों में रॉ मैटेरियल मिला. पुलिस सर्च ऑपरेशन में तेजी देखकर गांव के पटाखा व्यवसायी भी हरकत में आ गए. उन्होंने घरों से पटाखों को निकालकर खेतों और झाड़ियों में फेंकना शुरू कर दिया.

पटाखा कारोबारियों के ठिकानों पर छापा:

एसीपी गाजीपुर अनिंद्य विक्रम सिंह ने बताया कि बेहटा गांव में चलाए गए सर्च ऑपरेशन में बेहटा गांव निवासी टीनू उर्फ अली अहमद, घपलु उर्फ याकूब, शेरू उर्फ बशीर, नसीम, अफजल और अली अकबर के गोदामों की जांच की गई. इन सभी ने गोपनीय गोदाम बना रखा था, जिसमें भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री व पटाखे रखे थे.
सोमवार को एसीपी गाजीपुर की निगरानी में गांव में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी शुरू की गई. टीनू उर्फ अली अहमद के घर के सामने आबादी के बीच बने बाड़े से 620 किलोग्राम सुतली बम, 30 किलो बारूद, सुतली और बुरादा बरामद हुआ. घपलू उर्फ याकूब के गोदाम से 6 बोरी देशी पटाखे, 240 किलो बारूद, पटाखा बनाने की सामग्री और पटाखे के खोखे बरामद हुए.
शेरू उर्फ बशीर के गोदाम से 320 किलोग्राम बारूद, 800 किलोग्राम देशी पटाखे, 20 किलोग्राम बारूद और पटाखे के खोखे बरामद हुए. नसीम के खेत में बने गोदाम से देशी पटाखे, बारूद और बुरादा बरामद हुआ. अफजल के खेत में बने गोदाम से पटाखा बनाने की सामग्री और खोखे बरामद हुए. अली अकबर के गोदाम से 700 किलोग्राम देशी पटाखे, 50 किलोग्राम बारूद और 250 किलोग्राम खुली बारूद बरामद हुई.

फरार हुए पटाखा कारोबारी:

पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. सारा सामान जब्त कर बम डिटेक्शन डिस्पोजल स्क्वाड की मदद से अवैध विस्फोटक पदार्थों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. आबादी के बाहर एक स्थान पर डिस्पोज कराया गया. इसके बाद इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश श्रीवास्तव की तहरीर पर सभी छह कारोबारियों पर एफआईआर दर्ज की गई है.

शानू ने बनाए थे आठ गोदाम:

एसीपी गाजीपुर अनिंद्य विक्रम सिंह के मुताबिक, मंगलवार को सानू कॉस्मेटिक की दुकान समेत 8 स्थानों पर छापेमारी की गई. सभी स्थानों पर पुलिस ने पटाखा, बारूद और सामग्री बरामद की. करीब 300 किलो से ज्यादा विस्फोटक सामान बरामद हुआ है.

सभी के लाइसेंस एक्सपायर:

परिजनों से लाइसेंस की मांग की गई, तो नहीं दे सके. एसीपी ने बताया कि दो लोगों के पास लाइसेंस मिला. शेष जो भी लोग लाइसेंस दिखा रहे हैं, वह सभी एक्सपायर हो चुके हैं. अन्य किसी के पास किसी भी तरह का कोई लाइसेंस नहीं है.
एसीपी ने बताया कि गांव में गस्त की जा रही है. माईक से घोषणा की जा रही है, कि किसी व्यक्ति के घर, दुकान व गोदाम में पटाखों का क्रय-विक्रय या बनाया जाना पाया जाता है, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी.

रविवार को हुआ था विस्फोट:

बेहटा में रविवार सुबह 11:45 बजे आलम के घर में रखे पटाखों और बारूद में विस्फोट हो गया. हादसे में आलम और उसकी पत्नी मुन्नी की मौत हो गई थी. घर में मौजूद उसका बेटा इरशाद और पड़ोस में रहने वाला नदीम इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए हैं. दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. इसके अलावा पड़ोस में रहने वाले चार अन्य लोग हूरजहां, उसका बेटा जियान, जैद और उसकी पत्नी इरम भी घायल हुए थे.
यहां से एक किलोमीटर की दूरी पर सेमरा भुइंया मंदिर के पास एक प्लॉट में बने पटाखे के गोदाम में उसी दिन शाम 6:30 बजे विस्फोट से एक गाय की मौत हो गई. भैंस घायल हो गई थी. जानवर चरा रहा युवक अमन भी चोटिल हुआ था. इन दोनों हादसों के बाद से पुलिस सक्रिय हो गई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!