टॉप न्यूज़

संविधान सिर्फ किताब नहीं है, हिंदुस्तान की शक्ति है, राहुल गांधी का BJP पर वार, बोले- वे वोट चोरी कर इसे ख़त्म करने में लगे हैं

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) अपने विरोधियों पर निशाना साधने के लिए व्यक्तिगत हमलों का सहारा लेता है। उन्होंने दावा किया कि महात्मा गांधी के खिलाफ भी यही तरीका अपनाया गया था। राहुल गांधी ने कहा कि अमित शाह कई बार कह चुके हैं कि भाजपा सरकार 40-50 साल तक चलेगी। इसलिए, मुझे आश्चर्य हुआ कि उन्हें कैसे पता कि वे 40-50 साल तक सत्ता में रहेंगे? यह एक अजीब बयान था। आज देश के सामने सच्चाई सामने आ गई है कि वे (भाजपा) ‘वोट चोरी’ करते हैं। इसकी शुरुआत गुजरात से हुई, फिर 2014 में यह राष्ट्रीय स्तर पर आया और फिर अन्य राज्यों में… मैं झूठ नहीं बोलता, मैं केवल तभी बात कहता हूं जब मेरे पास तथ्य होते हैं।राहुल गांधी ने कहा कि मेरे द्वारा की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस पर किसी भी बीजेपी नेता ने अपनी टिप्पणी नहीं दी, खासकर जब वे हर चीज़ पर टिप्पणी करते हैं। पीएम मोदी और अमित शाह ने एक शब्द भी नहीं कहा। चोर हमेशा चुप रहता है क्योंकि उसे पता होता है कि वह पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि संविधान कहता है कि हर भारतीय को वोट देने का अधिकार है। संविधान के बिना, आपके पास कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने बार-बार कहा कि BJP की सरकार 40-50 साल तक रहेगी। पहले ये बयान अजीब लगा, अमित शाह को कैसे पता कि 40-50 साल तक सरकार चलेगी।कांग्रेस नेता ने कहा कि अब सच्चाई सामने आ गई है। अमित शाह ऐसा इसलिए कह पा रहे थे, क्योंकि ये लोग ‘वोट चोरी’ करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री तय करते हैं कि इलेक्शन कमिश्नर कौन बनेगा? वहां विपक्ष के नेता की एक नहीं सुनी जाती। 2023 में BJP ने नया कानून बनाया कि इलेक्शन कमिश्नर पर कोई केस नहीं किया जा सकता। सवाल है- ऐसा कानून क्यों बनाया गया? जवाब है- ‘वोट चोरी’ करवाने के लिए। उन्होंने कहा कि मेरी ‘वोट चोरी’ से जुड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस पर नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने कुछ नहीं कहा। ऐसा इसलिए क्योंकि जब चोर पकड़ा जाता है तो वह बिल्कुल चुप हो जाता है। उसे पता चल जाता है कि मैं तो फंस गया, अब पकड़ लिया गया हूं।राहुल गांधी ने कहा कि संविधान में लिखा है- हिंदुस्तान के हर नागरिक को एक वोट मिलेगा। अंबानी का बेटा हो या देश का गरीब युवा- दोनों को एक समान वोट मिलता है। अंबानी जैसे पूंजीपतियों को वोट की जरूरत नहीं है, बैंक के दरवाजे उनके लिए खुले हैं, उनका कर्ज माफ हो जाता है। देश में वोट की जरूरत गरीबों को है, क्योंकि इसके बिना आपको कोई अधिकार नहीं मिल सकता। उन्होंने कहा कि आजादी से पहले जब लोगों के पास वोट नहीं था, तो कोई अधिकार भी नहीं थे। दलितों, पिछड़ों की सिस्टम में कोई भागीदारी नहीं थी, लेकिन आजादी के बाद संविधान ने सभी को हक और भागीदारी दी। इसलिए- जिस दिन वोट का अधिकार ख़त्म हो गया, उस दिन से लोगों के पास कोई शक्ति नहीं बचेगी। संविधान सिर्फ किताब नहीं है, हिंदुस्तान की शक्ति है।राहुल ने कहा कि एक बार आपका वोट छिन गया तो राशन, घर, जमीन सब चला जाएगा। देश में लोग अपने अधिकार के लिए लड़ पाते हैं, क्योंकि उनके पास वोट और संविधान की ताकत है। अगर वोट और संविधान नहीं रहेगा तो लोग कुछ नहीं कर पाएंगे। नरेंद्र मोदी अभी वोट और संविधान से डरते हैं, लेकिन अगर वोट चोरी पूरी हो गई तो वो अपने घर पर बैठ जाएंगे- आपको दिखेंगे भी नहीं। उन्होंने कहा कि चुनाव में BJP के बड़े-बड़े नेताओं ने कहा कि हम संविधान बदल देंगे। तब हमने कहा- सपने मत देखो… संविधान को कोई ताकत नहीं बदल सकती। सच्चाई यही है कि ये वोट चोरी कर संविधान को ख़त्म करने में लगे हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!