
लखनऊ/मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में घर से मजदूरी करने के लिए निकला एक मजदूर लापता हो गया। परिजनों ने मजदूर की खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं मिला। इसके बाद मजदूर की पत्नी ने मोहनलालगंज थाने में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस लापता मजदूर की तलाश में जुटी है।
मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के सिसेंडी निवासी मजदूर राधेश्याम पुत्र पुन्नवासी अपने परिवार के साथ रहता है। पत्नी राधिका ने बताया कि बीते 05 अगस्त की सुबह करीब 07 बजे पति घर से मजदूरी करने गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका सुराग नहीं मिल सका।
फिर किसी अनहोनी की आशंका पर घबराए परिजनों ने मोहनलालगंज थाने में लिखित शिकायत देते हुए उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। पड़ोस के लोगों ने बताया कि राधेश्याम की पत्नी और तीन बच्चे भी हैं।



