यूपी

यूपी:गुरुवार के बाद प्रदेश में कुछ दिन के लिए थम जाएगा मानसून

किसी भी जिले के लिए आज भारी बारिश का अलर्ट नहीं

उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड, विंध्य क्षेत्र और मध्य प्रदेश से सटे जिलों में बृहस्पतिवार को भी मानसूनी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में मानसूनी बारिश के फिलहाल धीमा पड़ने के संकेत हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दो दिन बाद थोड़ी सक्रियता के साथ बारिश की रफ्तार दोबारा मानसूनी धीमी पड़ेगी।हालांकि इस दौरान धूप छांव के साथ हवा में मौजूद पर्याप्त नमी की हीटिंग होने और बादलों की आवाजाही से गरज चमक और बूंदाबांदी की मौसमी परिस्थितियां बनी रहेंगी। बुधवार को यूपी के सोनभद्र, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, अयोध्या, बस्ती, वाराणसी, बलिया में हल्की से मध्यम बारिश हुई।आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि वेदर सिस्टम फिलहाल दक्षिण की ओर ज्यादा सक्रिय है। इस वजह से बुंदेलखंड और दक्षिणी यूपी के इलाकों में और कहीं- कहीं तराई में बृहस्पतिवार को अच्छी बारिश की संभावना है। बृहस्पतिवार के लिए प्रदेश के बाकी जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी नहीं है।राजधानी में बीते कुछ दिनों से हो रही मानसूनी बारिश और पारे में गिरावट दाैर बुधवार को थम गया। कुछ इलाकों को छोड़ दें आमतौर पर बादल शांत रहे। इससे अधिकतम तापमान दो डिग्री और न्यूनतम तापमान में करीब डेढ़ डिग्री चढ़ गया। बृहस्पतिवार को भी कमोबेश ऐसा ही माैसम रहेगा। माैसम विभाग के अनुसार अब शुक्रवार को बूंदाबांदी या हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।बुधवार आसमान में बादलों की माैजूदगी के बीच धूप-छांव का खेल चलता रहा। दोपहर में हजरतगंज, महानगर और गोमतीनगर विस्तार में कुछ देर के लिए हल्की बारिश हुई। शहर के अन्य हिस्से को ये भी नसीब नहीं हुआ। दोपहर बाद उमस भरी गर्मी और बढ़ गई।आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में वेदर सिस्टम दक्षिणी यूपी की ओर खिसक चुका है। इसी वजह से अवध क्षेत्र में बादलों की सक्रियता घटी है। हालांकि, शुक्रवार को बूंदाबांदी या हल्की बारिश की सौगात मिल सकती है। बुधवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री की बढ़त के साथ 34.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री बढ़त के साथ 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!