टॉप न्यूज़

ED ऑफिस पहुंचे रॉबर्ट वाड्रा, संजय भंडारी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के व्यवसायी पति रॉबर्ट वाड्रा ब्रिटेन स्थित हथियार सलाहकार संजय भंडारी से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि व्यवसायी का बयान धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज किया जाएगा। 56 वर्षीय वाड्रा को एजेंसी ने पिछले महीने गवाही देने के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने विदेश यात्रा के कारण अपने समन को स्थगित करने का अनुरोध किया था।केंद्रीय जांच एजेंसी तीन अलग-अलग मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में उनकी जांच कर रही है, जिनमें यह मामला भी शामिल है। अन्य दो मामले ज़मीन सौदों में कथित अनियमितताओं से संबंधित हैं। 63 वर्षीय भंडारी 2016 में आयकर विभाग द्वारा दिल्ली में छापेमारी के तुरंत बाद लंदन भाग गया था। हाल ही में दिल्ली की एक अदालत ने उसे भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया है। ब्रिटेन की एक अदालत ने पिछले महीने भारत सरकार के उस आवेदन को अस्वीकार कर दिया था जिसमें उसने भंडारी के खिलाफ प्रत्यर्पण मामले में उसे बरी किए जाने के खिलाफ ब्रिटेन के उच्चतम न्यायालय में अपील करने की अनुमति मांगी थी।इस आवेदन के साथ ही कानून का सामना करने के लिए उसे देश में लाए जाने की संभावना लगभग समाप्त हो गई थी। ईडी ने इस मामले में 2023 में एक आरोपपत्र दायर किया था जिसमें आरोप लगाया गया था कि भंडारी ने 2009 में लंदन स्थित 12, ब्रायनस्टन स्क्वायर स्थित घर अधिग्रहित किया और वाड्रा के निर्देशों के अनुसार इसका नवीनीकरण कराया और नवीनीकरण के लिए धन रॉबर्ट वाड्रा द्वारा प्रदान किया गया। वाड्रा ने इस बात से इनकार किया है कि उनके पास प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लंदन में कोई संपत्ति है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!