व्यापारी व सिपाही से मारपीट व मोबाइल छीनने वाले ब्रिगेडियर व उसके साथी पुलिस की पकड़ से दूर, एक सप्ताह पूर्व हुई थी घटना
✍️आर.एस.तिवारी
लखनऊ/मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के सिसेंडी में एक सप्ताह पहले हिंसक घटना में पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। घटना 22 जून की शाम की है। सिसेंडी कस्बे में एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक चालक आकाश, जो उन्नाव के लंगड़ाखेड़ा का रहने वाला है, ने विरोध किया।
इस पर कार में सवार ब्रिगेडियर कृषाणु शाहा, जो सरोजनीनगर के मानसरोवर योजना के निवासी हैं, ने अपने साथियों के साथ लोहे की रॉड से आकाश की पिटाई शुरू कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सिपाही राहुल राज से भी आरोपियों ने मारपीट की और उनका मोबाइल छीन लिया।
व्यापारी प्रदीप गुप्ता ने जब घटना का वीडियो बनाना शुरू किया और विरोध जताया, तो ब्रिगेडियर के साथियों ने उनकी भी लोहे की रॉड और गुप्ती से पिटाई कर दी। उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया। राहगीरों और ग्रामीणों के विरोध के बाद आरोपी कारों में भाग निकले।
पुलिस ने घायल बाइक चालक और व्यापारी को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने तीन कारों के नंबर पुलिस को दिए। पुलिस ने मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
एसीपी रजनीश वर्मा के अनुसार, कारों के नंबरों के आधार पर ब्रिगेडियर और उनके साथियों का पता लगा लिया गया है। पुलिस टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई हैं।वही सिपाही व व्यापारी से मारपीट व मोबाइल छीनने की घटना भी संज्ञान में आयी है दोनो से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जायेगी।

व्यापारी प्रदीप गुप्ता ने बताया घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों में बिग्रेडियर व उनके साथ मौजूद लोगो द्वारा चालक समेत सिपाही व उससे मारपीट करने की घटना कैद हुई है। उक्त साक्ष्यो के बाद भी अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नही हो सकी है।

