
Anti Corruption News Views बांदा । जिले में सट्टेबाजी के पैसों के लेन-देन के विवाद में युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचानकृपांशु तिवारी के रूप में हुई है। 30 मई को दोपहर करीब 3 बजे राहुल गुप्ता,हरिओम और आशीष ने कृपांशु को पार्टी के लिए बुलाया। कृपांशु उसी दिन अपनी मां का सोने का हार गिरवी रखकर एक लाख रुपए लेकर आया था। आरोपियों को इस बात की जानकारी थी। परिजनों के अनुसार, तीनों ने कृपांशु को शराब पिलाई। इसके बाद उससे एक लाख रुपए, सोने का हार और चांदी के कड़े छीन लिए। विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने शव को बांदा-महोबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर केन नदी के पुल से फेंक दिया। रात करीब 10 बजे पुलिस ने परिजनों को सूचित किया कि कृपांशु की मोटरसाइकिल नदी पुल पर मिली है। परिजन मौके पर पहुंचे तो पुल के नीचे कृपांशु का शव मिला। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के समय कुछ लोग आपस में मारपीट और गाली-गलौज करते हुए वहां से गुजरे थे। जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल गुप्ता, हरिओम और आशीष सट्टेबाजी का काम करते हैं। कृपांशु का इन तीनों से रोजाना संपर्क था। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




