सीएम आवास के पास स्कॉर्पियो में स्टंट करता युवक गिरफ्तार, वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक युवक ने मुख्यमंत्री आवास के पास चलती स्कॉर्पियो कार में खतरनाक स्टंट किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक चलती हुई स्कॉर्पियो का दरवाजा खोलकर स्टंट कर रहा है, जिससे सड़क पर अन्य राहगीरों की जान खतरे में पड़ सकती थी। यह खतरनाक करतब 1090 चौराहे से मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाली सड़क पर अंजाम दिया गया। वायरल वीडियो में जिस स्कॉर्पियो का इस्तेमाल किया गया, उस पर विधान परिषद सचिवालय का स्टीकर भी चस्पा नजर आया, जिससे यह सवाल उठ रहा है कि क्या आरोपी किसी प्रभावशाली शख्स से जुड़ा हुआ है। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई। हजरतगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टंटबाज चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा अब यह जांच की जा रही है कि वाहन पर लगा विधान परिषद सचिवालय का स्टीकर असली है या फर्जी। सार्वजनिक मार्ग पर इस प्रकार के स्टंट न केवल अवैध हैं, बल्कि राहगीरों की जान को भी जोखिम में डालते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की हरकतों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अब इस केस में आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।
