
Anti Corruption News Views उरई/जालौन । जालौन जिले के ग्राम निधानन का डेरा निवासी एक नवविवाहिता की सांप के काटने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना रविवार देर रात की है। मृतका की शादी अभी सिर्फ 15 दिन पहले ही हुई थी, जिससे परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय बीनू पत्नी वीरेंद्र कुमार की शादी 13 मई को हुई थी। उसका मायका कानपुर नगर जिले के ग्राम गढ़ाथा में था। रविवार की शाम बीनू खाना खाने के बाद अपने कमरे में जमीन पर कपड़ा बिछाकर सोने चली गई थी। रात के समय उसे सोते समय पेट में सांप ने डस लिया। बीनू के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर उसका पति वीरेंद्र और परिवार के अन्य सदस्य तुरंत कमरे में पहुंचे। उन्होंने देखा कि एक सांप कमरे से बाहर निकल रहा था। आनन-फानन में परिवार वाले बीनू को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कालपी लेकर पहुंचे, लेकिन वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, कानपुर पहुंचने से पहले ही रास्ते में बीनू ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन उसका शव लेकर कोतवाली पहुंचे, जहां पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक परमहंस तिवारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल घटना को लेकर परिवार में गहरा शोक है, क्योंकि शादी के कुछ ही दिनों बाद हुई इस दुखद घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।



