के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण, जॉगिंग ट्रैक में खामी पर ठेकेदार को लगाई फटकार

लखनऊ के के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत हो रहे कार्यों का आज मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने निरीक्षण किया। उखड़े जॉगिंग ट्रैक, टूटी टाइल्स और धूल देखकर ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। मरम्मत और सफाई कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त को अधिकारियों ने जानकारी दी कि सिंथेटिक जॉगिंग ट्रैक बीच-बीच में उखड़ चुका है। उसकी मरम्मत जरूरी है। इस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए ठेकेदार को सख्त चेतावनी दी। कहा कि गुणवत्ताहीन कार्यों पर जवाबदेही तय होगी। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि जॉगिंग ट्रैक की नियमित सफाई होनी चाहिए। धूल या गंदगी नहीं होनी चाहिए। स्टेडियम के निरीक्षण में क्रिकेट स्टेडियम की जर्जर सिटिंग कुर्सियां भी मंडलायुक्त की नजर से नहीं बच सकीं। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से गुणवत्तापूर्ण नई कुर्सियों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, दीवारों की पेंटिंग और टूटी टाइल्स की जगह नई टाइल्स लगाने के आदेश भी दिए गए। स्टेडियम हॉस्टल में चोक चेंबर और सीवेज समस्या पर भी मंडलायुक्त ने गंभीरता दिखाई। जैसे ही क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि सीवेज लाइन जाम है, मंडलायुक्त ने मौके से ही जलकल के जीएम को कॉल कर निर्देश दिया। कहा कि सफाई कार्य प्राथमिकता पर कराया जाए और निकला मलबा तत्काल हटाया जाए।निरीक्षण के दौरान यह भी पता चला कि स्टेडियम संचालन के लिए पर्याप्त तकनीकी स्टाफ की जरूरत है। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि टेक्निकल मैनपावर की तैनाती जल्द सुनिश्चित की जाए, ताकि रखरखाव में लापरवाही न हो। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कार्यों में किसी प्रकार की कमी नजर आए तो अधिकारियों को तुरंत अवगत कराएं, ताकि समय पर सुधार हो सके।




