एएमयू के विधि संकाय के स्नातक ताहा बिन तस्नीम को प्रतिष्ठित शेवनिंग स्कॉलरशिप प्राप्त, कैंब्रिज विश्वविद्यालय में करेंगे अध्ययन

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के विधि संकाय के बीएएलएलबी स्नातक ताहा बिन तस्नीम को प्रतिष्ठित शेवनिंग स्कॉलरशिप प्रदान की गई है। इस छात्रवृत्ति के अंतर्गत वह अब यूनिवर्सिटी ऑफ कैंब्रिज में मास्टर ऑफ लॉज (एलएलएम) का अध्ययन करेंगे। शेवनिंग स्कॉलरशिप यूनाइटेड किंगडम के विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय (एफसीडीओ) द्वारा संचालित एक पूर्ण-वित्तपोषित अंतरराष्ट्रीय छात्रवृत्ति है, जिसका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर नेतृत्व क्षमता वाले युवाओं और बदलाव के अग्रदूतों को तैयार करना है। इस छात्रवृत्ति की गणना विश्व की सबसे प्रतिस्पर्धात्मक अंतरराष्ट्रीय छात्रवृत्तियों में होती है और इसे असाधारण शैक्षणिक योग्यता, नेतृत्व की स्पष्ट क्षमता, और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की मजबूत दृष्टि रखने वाले व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है। ताहा को एलएलएम कार्यक्रम के लिए यूनाइटेड किंगडम की अन्य शीर्ष संस्थाओं कृ लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस (एलएसई), स्कूल ऑफ ओरिएंटल एंड अफ्रीकन स्टडीज (एसओएएस), और यूनिवर्सिटी ऑफ रीडिंग से भी प्रवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इसके अलावा उन्हें यूनिवर्सिटी ऑफ मेलबर्न, ऑस्ट्रेलिया से भी प्रवेश का अवसर मिला। किंतु अब वे शेवनिंग स्कॉलरशिप के अंतर्गत कैंब्रिज विश्वविद्यालय में अध्ययन करेंगे।



