भारतीय रेलवे करने जा रहा है बड़ा सुधार…ज्यादा बुकिंग होगी, जल्द बनेगा चार्ट, और भी बहुत कुछ होगा आसान

भारतीय रेलवे टिकट बुकिंग प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए अपने यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) में सुधार कर रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में इन सुधारों की प्रगति की समीक्षा की और इस बात पर जोर दिया कि टिकटिंग प्रणाली स्मार्ट, पारदर्शी, सुलभ और कुशल होनी चाहिए, जिसमें यात्रियों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। प्रस्तावित प्रमुख परिवर्तनों में से एक आरक्षण चार्ट तैयार करने की प्रक्रिया में सुधार है। रेल मंत्री ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और सुचारू बदलाव सुनिश्चित करने के लिए चरणबद्ध कार्यान्वयन का निर्देश दिया है।रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में यात्री टिकट आरक्षण प्रणाली में जारी सुधारों की प्रगति की समीक्षा की और यात्री सुविधाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए स्मार्ट, पारदर्शी, सुलभ और कुशल टिकट प्रणाली की आवश्यकता को रेखांकित किया। मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय के मुताबिक वैष्णव के मार्गदर्शन में अधिकारी ट्रेन के प्रस्थान से चार घंटे पहले की बजाय आठ घंटे पहले आरक्षण चार्ट तैयार करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
लंबी दूरी की रेलगाड़ियों में सवार होने वाले यात्रियों को लाभ होगा
मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘इससे दूरदराज के स्थानों या प्रमुख शहरों के उपनगरों से लंबी दूरी की रेलगाड़ियों में सवार होने वाले यात्रियों को लाभ होगा। प्रतीक्षा सूची की पुष्टि नहीं होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए भी अधिक समय मिलेगा।’’ इसमें कहा गया है, ‘‘नई उन्नत यात्री टिकट आरक्षण प्रणाली (पीआरएस)से प्रति मिनट 1.5 लाख से अधिक टिकट बुकिंग की सुविधा मिलेगी। यह वर्तमान पीआरएस में प्रति मिनट 32,000 टिकटों की तुलना में लगभग पांच गुना अधिक होगी।’’
अनुकूल बुकिंग और पूछताछ सुविधा भी
मंत्रालय ने कहा कि नई यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) में बहुभाषी और उपयोगकर्ता के अनुकूल बुकिंग और पूछताछ सुविधा भी है। अधिकारियों ने बताया कि नए पीआरएस में उपयोगकर्ता अपनी पसंद की सीट दर्ज करा सकेंगे और किराया सूची देख सकेंगे। उन्होंने बताया कि इसमें दिव्यांगजनों, छात्रों और मरीजों आदि के लिए भी एकीकृत सुविधाएं हैं।




