बांदा मेडिकल कॉलेज में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की छंटनी,36 सुरक्षा कर्मी और 3 सुपरवाइजर को बिना नोटिस हटाया

बांदा मेडिकल कॉलेज में कार्यरत 36 सुरक्षा कर्मी और 3 सुरक्षा सुपरवाइजर को बिना किसी पूर्व सूचना के नौकरी से हटा दिया गया है। इन कर्मचारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। सभी सुरक्षा कर्मी पिछले ढाई वर्षों से जेएम पोर्टल सेवा योजन के माध्यम से लायल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड, लखनऊ के तहत कार्यरत थे। 31 मई 2025 को इन्हें अचानक सेवा से हटा दिया गया। कर्मचारियों ने 3 जून को जिलाधिकारी को पहला ज्ञापन सौंपा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 1 जून को मेडिकल कॉलेज प्राचार्य और सुरक्षा अधिकारी डॉ. मुकेश बंसल ने एक सप्ताह में समाधान का आश्वासन दिया था। 10 जून को जब कर्मचारी दोबारा मिलने गए, तो उन्होंने मामले से हाथ खड़े कर दिए। उच्च अधिकारियों से संपर्क करने को कहा। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले 10 दिनों से उन्हें टाला जा रहा है। वे हड़ताल करने को मजबूर हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि बेरोजगारी के कारण कोई कर्मचारी आत्मघाती कदम उठाता है तो इसके लिए मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुनील कौशल, सुरक्षा अधिकारी डॉ. मुकेश बंसल और प्रशासन जिम्मेदार होंगे। कर्मचारियों ने जल्द से जल्द समायोजन की मांग की है।


