बांदा-मां-बेटी ने एक ही फंदे में लटककर दी जान,रिटायर्ड फौजी की तीसरी पत्नी का सुसाइड

बांदा : जिले में एक मां-बेटी ने एक ही फंदे से फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह घर वालों ने शव देखे तो घटना की जानकारी हुई। झगड़े के कारण सुसाइड किए जाने की वजह सामने आई है। सीओ सिटी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की गई है। मोहल्ला बिजली खेड़ा में रिटायर्ड फौजी ननकाई प्रसाद अपनी तीसरी पत्नी वंदना (40), बेटा रोशन (22) और बेटी रंजना (20) के साथ रह रहे थे। रात में पूरे परिवार ने साथ में खाना खाया और सभी लोग सोने चले गए। सुबह जब काफी देर तक मां-बेटी कमरे से बाहर नहीं आईं तो पिता उन्हें जगाने पहुंचे। काफी देर आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने खिड़की से झांककर देखा। वहां कमरे के अंदर दोनों मां-बेटी का शव एक ही फंदे से झूल रहा था। ननकाई प्रसाद ने बताया कि घर में कोई झगड़ा नहीं हुआ था। शाम तक घर का माहौल एकदम सही थी। रात में दोनों के बीच क्या हुआ इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। सुबह शव देखा तो चिल्लाते हुए बाहर की तरफ भागे। पड़ोसियों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों के शवों को नीचे उतरवाया। उन्होंने बताया कि रंजना ने पिछले साल बीए फाइनल किया था। बेटा भी पढ़ाई करने के बाद घर पर था। रंजना की शादी के लिए लड़का देखा जा रहा था। जल्द ही घर में उसकी शादी की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले यह घटना हो गई। समझ नहीं आ रहा रात में ऐसी कौन सी बात हो गई, जो दोनों को ऐसा कदम उठाना पड़ा। वंदना की बहन कुसुमा देवी ने बताया कि सुबह दोनों के सुसाइड की जानकारी हुई तो हम लोग आए हैं। मेरी बहन बहुत सीधी थी। कभी किसी परेशानी के बारे में नहीं बताती थी। हर घर में लड़ाई झगड़े होते रहते हैं। हम लोग दो या तीन महीने में मिलते थे, लेकिन वह कोई परेशानी नहीं बताती थी। ननकाई की वंदना से तीसरी शादी हुई थी।
इससे पहले उनकी दो शादी हुईं। दोनों पत्नियों की बीमारी से मौत हो गई। पहली पत्नी से दो बच्चे हैं, जो कि गांव में रहते हैं। वहीं, दूसरी पत्नी से उनकी कोई संतान नहीं थी। सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह का कहना है कि उन्हें मामले की सूचना मिली थी। इंस्पेक्टर कोतवाली और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर जाकर जांच की। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीओ सिटी के मुताबिक मामला घरेलू कलह के चलते की गई आत्महत्या का है। आगे की करवाई और जांच की जा रही है।


