बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या:शराब के नशे में हुई वारदात
✍️अमरदीप यादव

लखनऊ : जानकीपुरम थाना क्षेत्र में सोमवार को बड़े भाई ने छोटे भाई की गला दबाकर हत्या कर दी. दोनों शराब के नशे में थे. किसी बात को लेकर विवाद हुआ. बात इतनी बढ़ गई कि बड़े ने छोटे को मार डाला. घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है.
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी भाई को हिरासत में लिया है. मामले की जांच पड़ताल की जा रही है.
निर्मला मिश्रा जानकीपुरम में अपने दो बेटों के साथ रहती हैं. बड़ा बेटा अमित मिश्रा उर्फ बाला व छोटा बेटा रवि मिश्रा के बीच सोमवार को शराब के नशे में विवाद हो गया. अमित ने रवि की पिटाई कर दी. दोनों में झगड़ा और बढ़ गया. गुस्से में अमित ने रवि की गला दबाकर हत्या कर दी.
निर्मला ने बताया, अमित और रवि के बीच आपसी विवाद था. अमित शराब के नशे में रवि से गाली गलौज कर रहा था, रवि ने गाली देने से मना किया. इस पर अमित तेज आवाज में गाली देने लगा.
दोनों के बीच बहस होने लगी. इसके बाद अमित ने रवि की पिटाई कर दी. इसी बीच अमित ने रवि का गला दबा दिया. डीसीपी नार्थ ने बताया कि आज सुबह 11.30 बजे जानकीपुरम थाने को सूचना मिली की शराब के नशे में एक भाई ने अपने सगे भाई की मारपीट कर हत्या कर दी है. मौके पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेने के साथ ही आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.



