(औरैया) भाजपा शासनकाल में थानों-तहसीलों में भ्रष्टाचार चरम पर: शिवपाल यादव

औरैया उत्तर प्रदेश के औरैया शहर में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि इसके शासनकाल में थानों-तहसीलों में भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकार ने जनता के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल झूठ बोलती है। सपा महासचिव शनिवार को औरैया में सपा के वरिष्ठ नेता विश्वनाथ सिंह सेंगर की पत्नी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। इस दौरान बातचीत करते हुए उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के 09 साल के शासन में जनता के लिए कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल झूठ बोलती है और उनके शासन में थानों और तहसीलों में भ्रष्टाचार चरम पर है। सपा नेता ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। समाजवादी पार्टी, पीडीए और सवर्ण वर्ग को साथ लेकर अगले चुनाव में प्रदेश में सरकार बनाएंगी। इस मौके पर सपा से बदायूं के सांसद व उनके पुत्र आदित्य यादव के अलावा अन्य सपा नेता मौजूद रहे।




