आटा चक्की के पट्टे में फंसकर किशोर की मौत, मचा कोहराम

✍️कृष्ण चंद्र
बाराबंकी। कुर्सी क्षेत्र के रौनाहार गांव में बृहस्पतिवार को आटा चक्की के पट्टे में फंसकर 15 साल के किशोर की मौत हो गई। घटना के दौरान ही चक्की संचालक मौके से भाग खड़ा हुआ। ग्राहकों ने किसी तरह चक्की का इंजन बंद किया। किशोर इसी चक्की पर मजदूर करता था और बृहस्पतिवार को स्वयं अपने घर का गेहूं पिसवाने आया था।
पुलिस के अनुसार मीननगर निवासी शिवा गौतम (15) दो किमी दूर स्थित रौनाहार गांव में मनोज यादव की आटा चक्की व कारखाने में मजदूरी करता था। बृहस्पतिवार सुबह भी शिवा कारखाने पर था। बताते हैं कि उसी दौरान अचानक शिवा की शर्ट का एक कोना चक्की के पट्टे में फंस गया और शिवा भी उसी में लिपटता चला गया।
मौके पर मौजूद ग्राहक कुछ देर तो समझ ही नहीं पाए कि हुआ क्या है। जैसे ही लोगों ने देखा कि किशोर पट्टे में फंसा है तो सन्न रह गए। ग्राहकों में से एक ने दौड़कर इंजन बंद कर दिया। कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई। चक्की मालिक मनोज मौके से भाग चुका था।
कुर्सी के एसएचओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि किशोर कारखाने पर नौकरी करता था लेकिन बृहस्पतिवार को वह गेंहू पिसवाने गया था। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
कैलाश गौतम की आर्थिक स्थिति अच्छी न होने के कारण नाबालिग बेटे को आटा चक्की पर नौकरी करने के लिए भेजते थे। कारखाने में मिलने वाली मजदूरी से वह अपने परिवार का खर्च चलाते थे। हादसे की जानकारी होते ही वह मौके पर पहुंचे तो शव देखकर बेसुध हो गए।


