मेयर सुषमा खर्कवाल के कार्यकाल के 2 साल पूरे: बोलीं – लखनऊ अटल, लालजी और राजनाथ जी की कर्मभूमि, इसे संवारना मेरा संकल्प

लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल के पद पर रहते हुए दो साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके को सेलिब्रेट करने के लिए शनिवार को सेवा और समर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मेयर ने अपने दो साल के कार्यकाल के काम गिनाए। इस दौरान उन्होंने कहा कि लखनऊ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, लालजी टंडन और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की कर्मभूमि रही है। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद व लखनऊ के पूर्व मेयर डॉक्टर दिनेश शर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर भी विशिष्ट अतिथि के तौर पर पहुंचे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने मंच साझा किया। सबने मेयर सुषमा खर्कवाल के कामों को सराहा। इसके साथ ही कार्यक्रम में अहिल्याबाई होल्कर जन्म त्रिशताब्दी वर्ष स्मृति अभियानदृ2025 का भी आयोजन किया गया। मनकामेश्वर वार्ड के पार्षद रंजीत सिंह को अलग से सम्मानित किया गया। गोमती के सफाई का अभियान चलाने और कोविड के दौरान कई लावारिस शवों का दाह संस्कार करने पर उन्हें नगर विकास मंत्री और भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने सम्मानित किया। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि आज का कार्यक्रम राजमाता अहिल्या बाई होल्कर के जन्म शताब्दी कार्यक्रम को लेकर है। लोकतंत्र में महिला शक्ति का प्रभाव है। महिला शक्ति ने लखनऊ को सजने और संवारने का काम किया है। लखनऊ मेयर के 2 साल के कार्यकाल की सभी को बधाई। बड़ी आबादी को शहरी क्षेत्र में सम्मिलित कर उनके लिए जो काम सरकार ने किया है, वह ऐतिहासिक है। हमारा इतिहास जो पढ़ाया जाता है, उसे सब लोग जानते हैं। मुगलों और अंग्रेजों का इतिहास पढ़ाया जाता है। हमने तकनीकी और विरासत के आधार पर काफी समय तक दुनिया का नेतृत्व किया। जब अंग्रेज आए तो हमारा योगदान दुनिया में अधिक था, लेकिन जब अंग्रेज गए तो हमारा योगदान न्यूनतम था। हमारा इतिहास भरा पड़ा है, जिन्होंने शासन चलाया है। हमने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया, हमने भगवान श्रीराम का मंदिर बनाने का संकल्प लिया। हम परंपरा और विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। उसी विरासत को बढ़ा रहे हैं, जो अहिल्याबाई होल्कर की है। एके शर्मा ने कहा कि सुनने में आया कि लखनऊ में कहीं कहीं सफाई की मशीनें आकर वार्डों में खड़ी रहती है, लेकिन सफाई नहीं होती है। ऐसा न करें। मंत्री ने कहा कि सुषमा खर्कवाल का हमारे ऊपर बहुत अधिकार है। डांटती रहती हैं। महिला की सबसे पहली चिंता घर की होनी चाहिए। वह लखनऊ नगर निगम को घर मानती हैं और इसकी चिंता कर रही हैं। नगर निगम मुख्यालय का काम पूरा होने वाला है। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कचरे को कचरा नहीं, कंचन समझिए। जिसने न देखा हो, वह यूपी दर्शन पार्क में जाए। प्रयागराज में शिवालय पार्क है, जो कचरे से ही बनाया गया है। नगर पालिकाएं, जो कूड़ा निस्तारण का प्लांट नहीं लगा सकतीं, उनका कूड़ा हम नगर निगम में निस्तारण कराने का काम करेंगे। इस मॉडल पर हम लोग काम कर रहे हैं। मंत्री एके शर्मा ने कहा कि पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर के जन्मदिवस के अवसर पर हम यहां एकत्रित हैं। मुगल आक्रांताओं के आक्रमण के समय जब देश विचलित हो रहा था, उस समय अहिल्याबाई होल्कर ने अपने अपार दुख के बीच शासन की डोर संभाली और मंदिरों के जीर्णोद्धार कराया। उन्होंने कहा कि महिला जब कोई काम करती हैं तो घर का पैसा बचा लेती हैं। आज भी उन्होंने बचत कर ली। अगर वह यहां होतीं तो आज उन्हें मिठाई लोगों को खिलानी पड़ती। भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर का जन्मदिवस है। पुण्यश्लोक की उपाधि नारायण को मिली है। धरती पर युधिष्ठिर और माता अहिल्या को यह उपाधि मिली है। राजनाथ सिंह की प्रेरणा से मेयर ने 2 साल पूरे किए हैं। पुण्यश्लोक के जन्मदिवस की शुभकामनाएं और बधाई।


