बाराबंकी में सरकारी तालाब पर अवैध कब्जा हटा:54 बीघा जमीन से भू-माफिया बेदखल, राजस्व विभाग ने की कार्रवाई
✍️विवेक यादव 
बाराबंकी के विकासखंड त्रिवेदीगंज के ग्राम मंझूपुर में राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने भू-माफियाओं से 54 बीघा सरकारी तालाब की जमीन को मुक्त कराया है।
भू-माफिया लंबे समय से इस सरकारी तालाब पर अवैध कब्जा करके खेती कर रहे थे। राजस्व विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए सात गाटों की जमीन को कब्जा मुक्त कराया। इस जमीन को ग्राम सभा के अध्यक्ष को सौंप दिया गया है।
कार्रवाई में हल्का लेखपाल राघवेंद्र सिंह, राजेंद्र कुमार और कानूनगो मनीराम यादव शामिल थे। गांव के लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना की है।
हैदरगढ़ के उप जिलाधिकारी शम्स तरवेज खां ने कहा कि शिकायत मिलने पर सीमांकन कराया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी तालाब की सभी जमीन को सुरक्षित कर लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी संपत्ति पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

